मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा पंजाब में नशा व अपराध को जड़ से मिटाएगी, युवाओं को रोजगार-बुनियादी ढांचे व सकारात्मक सोच से सशक्त करेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा है कि भाजपा सरकार पंजाब में नशा और अपराध पर कड़ा प्रहार करेगी और युवा पीढ़ी के सकारात्मक विकास के लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है और इसे रोकना समय की सबसे बड़ी मांग है।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और उसके सुधार के लिए कानून लागू रखने वाली संस्थाओं को समर्थन देकर शांति, सुरक्षा व स्थिरता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता जताते हुए बताया कि अवैध नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जगह-जगह जागरूकता अभियान, साइक्लोथॉन तथा मैराथन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें युवा भागीदारी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए अवैध नशा कारोबार में संलिप्त लोगों की संपत्तियों को अटैच किया जा रहा है तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में छात्र-युवाओं को नशे की बुरी प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए विशेष कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है और राष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग और कनेक्टिविटी के विस्तार ने बुनियादी ढांचे को नई गति दी है, जिससे रोजगार व आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिली है।
also read : 12 साल बाद माता-पिता बनने वाले हैं रवि दुबे और सरगुन मेहता? प्रेग्नेंसी की खबरों पर जानिए पूरा सच
रोजगार सृजन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टैंड अप इंडिया जैसी पहलों से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं। प्रदेश स्तर पर भी हरियाणा सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाकर बिना खर्च तथा बिना पर्ची के सरकारी नौकरियों की भर्ती की है। पिछले एक वर्ष में लगभग 37,000 युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और हाल ही में 12,500 अतिरिक्त पदों पर भर्ती की जा रही है।
सैनी ने कहा कि खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक और एशियन खेलों सहित कई प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है, जिसके लिए सरकार करोड़ों रुपये के पुरस्कार प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि विदेश सहयोग विभाग के माध्यम से युवाओं को सुरक्षित, पारदर्शी और वैध प्रक्रियाओं द्वारा विदेश रोजगार के अवसर दिलाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश व देश के युवाओं को सशक्त, सुरक्षित और सकारात्मक सोच से लैस कर विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया जाए तथा नशा और अपराध जैसी विकृत प्रवृत्तियों को मिटाया जाए।

