Paytm Split Bills Feature: Paytm ने नया Split Bills फीचर लॉन्च किया है, जिससे दोस्तों के साथ ट्रिप, पार्टी और डिनर का खर्च आसानी से बांट और सेटल कर सकेंगे।
Paytm New Feature: दोस्तों के साथ ट्रिप, पार्टी या डिनर के दौरान खर्चों का हिसाब रखना अब आसान हो जाएगा। डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Paytm ने अपने यूजर्स के लिए नया ‘Split Bills’ फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स ग्रुप में होने वाले खर्चों को एक ही जगह रिकॉर्ड कर सकेंगे, सभी का हिस्सा कैलकुलेट कर पाएंगे और पेमेंट सेटलमेंट भी आसानी से कर सकेंगे।
अक्सर दोस्तों के साथ आउटिंग या यात्रा के दौरान यह परेशानी आती है कि किसने कितना खर्च किया और किसे कितने पैसे वापस करने हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए Paytm ने यह नया फीचर पेश किया है, जो ग्रुप एक्सपेंस मैनेजमेंट को आसान बनाने का काम करेगा।
Paytm Split Bills फीचर में क्या मिलेगा?
Paytm के नए Split Bills फीचर के जरिए यूजर्स एक ग्रुप बनाकर सभी साझा खर्चों को उसमें जोड़ सकते हैं। इसमें यूजर यह तय कर सकते हैं कि खर्च को किस तरह बांटना है।
यूजर्स बिल को सभी लोगों में बराबर बांट सकते हैं या फिर जरूरत के अनुसार इसे अलग-अलग तरीके से डिवाइड कर सकते हैं। इसमें एग्जैक्ट अमाउंट, प्रतिशत (Percentage) या शेयर (Shares) के आधार पर खर्च बांटने का विकल्प मिलेगा।
इस फीचर में ग्रुप समरी के जरिए यह जानकारी भी मिलेगी कि कुल कितना खर्च हुआ, किस व्यक्ति को कितने पैसे देने हैं, कितने पेमेंट पेंडिंग हैं और हाल की गतिविधियां क्या रही हैं।
पेमेंट सेटलमेंट करना होगा आसान
Paytm Split Bills फीचर की मदद से यूजर्स सीधे ऐप से पेमेंट रिमाइंडर भेज सकते हैं। जिन लोगों को पैसे चुकाने हैं, वे पहले से उपलब्ध पेमेंट डिटेल्स के जरिए Paytm UPI से आसानी से अपना बकाया भुगतान कर सकते हैं।
अगर किसी व्यक्ति ने ऐप के बाहर कैश, कार्ड या किसी अन्य UPI ऐप से पेमेंट किया है, तो उस ट्रांजैक्शन को भी रिकॉर्ड में अपडेट किया जा सकता है। इसके लिए यूजर पेमेंट को ‘Marked as Received’ के रूप में दर्ज कर सकते हैं।
also read: Google का नया Foldable Phone जल्द होगा लॉन्च, Pixel 11 Pro Fold में…
कैश और दूसरे पेमेंट तरीकों का भी मिलेगा सपोर्ट
इस फीचर की खास बात यह है कि यूजर्स सिर्फ Paytm से किए गए पेमेंट तक सीमित नहीं रहेंगे। वे कैश, कार्ड, दूसरे UPI ऐप या किसी भी अन्य माध्यम से किए गए खर्चों को भी इसमें जोड़ सकते हैं।
कंपनी के अनुसार, यूजर्स इस फीचर में अपनी जरूरत के अनुसार कितने भी खर्च जोड़ सकते हैं। इसके इस्तेमाल के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
Paytm Split Bills फीचर का इस्तेमाल कैसे करें?
Paytm ऐप में Split Bills फीचर इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें और Pay Anyone विकल्प पर जाएं। इसके बाद Split Bills ऑप्शन पर क्लिक करें।
अब नया ग्रुप बनाएं या पहले से मौजूद ग्रुप को चुनें। इसमें ग्रुप का नाम डालें, सदस्यों को जोड़ें और ग्रुप कैटेगरी का चयन करें।
इसके बाद Add Expense पर जाकर खर्च की राशि दर्ज करें। अब यह चुनें कि भुगतान किसने किया है और बिल को बराबर, एग्जैक्ट अमाउंट, शेयर या प्रतिशत के हिसाब से बांटना है।
अंत में ग्रुप बैलेंस चेक करें, जरूरत पड़ने पर पेमेंट रिमाइंडर भेजें और Paytm UPI के जरिए बकाया राशि का भुगतान करें।
Paytm का यह नया फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है जो अक्सर दोस्तों, परिवार या ग्रुप के साथ ट्रिप और आउटिंग करते हैं। इससे खर्चों का हिसाब रखने की परेशानी कम होगी और पेमेंट मैनेजमेंट पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।

