Krishnavataram Worldwide Release: भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित फिल्म दुनियाभर में रिलीज होगी। जानें ग्लोबल ट्रस्ट्स के साथ मेकर्स का प्लान और रिलीज अपडेट।
Krishnavataram Worldwide Release: भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम: पार्ट 1- हृदयम’ को अब अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। फिल्म की पहली किस्त रिलीज होने के बाद मेकर्स ने इसके ग्लोबल विस्तार की योजना बनाई है। इस पहल में कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं और आध्यात्मिक संगठन सहयोग कर रहे हैं।
‘कृष्णावतारम’ को तीन हिस्सों में पेश करने की योजना है। इसका पहला भाग ‘हृदयम’ 7 मई को रिलीज किया गया था। अब फिल्म की आगे की कहानी के साथ इसे विदेशी दर्शकों तक पहुंचाने पर काम किया जा रहा है।
दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स के मुताबिक, ‘कृष्णावतारम’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करने की जिम्मेदारी क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज, आर्ट ऑफ लिविंग और वर्ल्ड फोरम फॉर आर्ट एंड कल्चर मिलकर संभालेंगे।
इन संस्थाओं के सहयोग से फिल्म को अलग-अलग देशों के सिनेमाघरों तक पहुंचाने की योजना है। हालांकि, अभी तक फिल्म की वर्ल्डवाइड रिलीज की आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया गया है। फिल्म के बाकी दोनों हिस्से भी आगे रिलीज किए जाने हैं। ऐसे में ग्लोबल रिलीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित है फिल्म
‘कृष्णावतारम’ की कहानी भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आध्यात्मिक पक्ष के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म के पहले भाग में कृष्ण के जीवन के साथ राधा और रुक्मिणी के साथ उनके संबंधों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
मेकर्स का उद्देश्य सिर्फ धार्मिक कथा को पर्दे पर पेश करना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना भी बताया गया है।
also read: यश ने ठुकराई 100 करोड़ रुपये की फीस! ‘रामायण’ के लिए लिया बड़ा रिस्…
श्री श्री रवि शंकर ने कृष्ण के बारे में क्या कहा?
फिल्म से जुड़े आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर ने भगवान कृष्ण के स्वरूप को लेकर अपने विचार साझा किए। उनके अनुसार, कृष्ण उस दिव्य आकर्षण का प्रतीक हैं, जो हर किसी को अपनी ओर खींचता है। उन्होंने यह विचार भी व्यक्त किया कि जब इंसान जीवन और संसार को एक दिव्य लीला के रूप में समझने लगता है, तभी उसके भीतर कृष्ण भाव का अनुभव होता है।
फिल्म को ग्लोबल कल्चरल मूवमेंट बनाने की तैयारी
‘कृष्णावतारम’ के प्रोड्यूसर डॉ. साजन राज कुरुप ने फिल्म को लेकर अपनी योजना साझा की। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। उनका लक्ष्य ‘कृष्णावतारम’ को केवल एक फिल्म तक सीमित रखने के बजाय इसे सिनेमा, कला और भारतीय विरासत से जुड़ा वैश्विक सांस्कृतिक आंदोलन बनाना है।
तीन भागों में आएगी ‘कृष्णावतारम’
‘कृष्णावतारम’ को ट्रिलॉजी के तौर पर तैयार किया जा रहा है। इसका पहला भाग ‘हृदयम’ दर्शकों के सामने आ चुका है, जबकि कहानी के अगले दो अध्याय अभी रिलीज होने बाकी हैं।
अब फिल्म को ग्लोबल स्तर पर ले जाने की तैयारी से इसके दायरे का विस्तार होने की उम्मीद है। हालांकि, विदेशी सिनेमाघरों में रिलीज की तारीख और देशों की विस्तृत सूची की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण की कथा को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की यह योजना फिल्म के लिए एक बड़े वैश्विक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
