कानपुर में काशी रुद्रास ने मेरठ मेवारिक्स को 56 रन से हराकर यूपी टी-20 प्लेऑफ में जगह बनाई। करन शर्मा और उपेंद्र यादव ने अर्धशतक जड़े।
यूपी टी-20 लीग में काशी रुद्रास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए लीग चरण के आखिरी मुकाबले में काशी रुद्रास ने मजबूत मानी जा रही मेरठ मेवारिक्स को 56 रन से शिकस्त दी। इस जीत के साथ काशी ने प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया।
काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 175 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मेवारिक्स की पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई।
करन शर्मा और उपेंद्र यादव की शानदार बल्लेबाजी
टॉस जीतकर काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को सलामी बल्लेबाज विराट जायसवाल और कप्तान करन शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी हुई।
विराट जायसवाल 33 रन बनाकर यश गर्ग की गेंद पर अक्षय के हाथों कैच आउट हुए। इसके बाद सक्षम राय केवल 5 रन बनाकर आरुष गोयल का शिकार बने।
एक छोर पर कप्तान करन शर्मा मजबूती से डटे रहे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। करन और उपेंद्र यादव ने मिलकर पारी को संभाला और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। 105 रन के स्कोर पर विशाल चौधरी ने करन शर्मा को 57 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।
उपेंद्र यादव ने आखिरी ओवर में लगाए लगातार तीन छक्के
करन के आउट होने के बाद उपेंद्र यादव ने शुभम चौधरी के साथ मिलकर रन गति बढ़ाई। उपेंद्र ने पारी के अंतिम ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह 57 रन बनाकर कुनाल यादव की गेंद पर दिव्यांश के हाथों कैच आउट हो गए।
शुभम चौधरी 15 रन बनाकर नाबाद रहे और काशी रुद्रास ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मेरठ की ओर से विशाल चौधरी, कुनाल यादव, यश गर्ग और आरुष गोयल को एक-एक सफलता मिली।
also read: शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में मचा तहलका, 264 रन बनाकर भी हारी अभिषेक…
मेरठ मेवारिक्स की शुरुआत रही बेहद खराब
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मेवारिक्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कार्तिक यादव ने स्वास्तिक चिकारा को बिना खाता खोले ही रिषभ राजपूत के हाथों कैच करा दिया।
इसके बाद महज 9 रन के स्कोर पर अक्षय दुबे 2 रन बनाकर कार्तिक यादव की गेंद पर आउट हो गए। रितुराज शर्मा भी सिर्फ 1 रन बनाकर रन आउट हो गए। कप्तान दिव्यांश जोशी ने 20 रन बनाए, लेकिन अटल बिहारी राय की गेंद पर उपेंद्र यादव ने उनका कैच पकड़ लिया।
संदीप और दिव्यांश ने संभाली पारी, लेकिन नहीं दिला सके जीत
लगातार विकेट गिरने के बाद संदीप तोमर और दिव्यांश राजपूत ने मेरठ की पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने टीम को संकट से निकालने का प्रयास किया। हालांकि 70 रन के टीम स्कोर पर कार्तिक यादव ने संदीप तोमर को 29 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।
इसके बाद दिव्यांश राजपूत ने 39 रन बनाकर टीम को 100 रन के करीब पहुंचाया, लेकिन 106 रन के स्कोर पर वह हिट विकेट हो गए अगली ही गेंद पर रिषभ राजपूत ने यश गर्ग को आउट कर मेरठ की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
काशी के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर झटके विकेट
यश गर्ग के आउट होने के बाद काशी रुद्रास के गेंदबाजों ने मेरठ के बल्लेबाजों को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर सिमट गई।
काशी की ओर से रिषभ राजपूत और कार्तिक यादव ने तीन-तीन विकेट लिए। अटल बिहारी राय को दो विकेट मिले, जबकि विजय और संगम सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। आरुष गोयल बिना खाता खोले नाबाद रहे।
कार्तिक यादव बने प्लेयर ऑफ द मैच
काशी रुद्रास की जीत में गेंद से शानदार प्रदर्शन करने वाले कार्तिक यादव को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ काशी रुद्रास ने प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। अब टूर्नामेंट के अगले चरण में मुकाबले और भी रोमांचक होने वाले हैं।
यूपी टी-20 लीग के प्लेऑफ मुकाबले
प्लेऑफ में क्वालिफायर-1 में मेरठ मेवारिक्स का सामना लखनऊ से होगा। वहीं एलिमिनेटर मुकाबले में काशी रुद्रास और नोएडा की टीमें आमने-सामने होंगी।
काशी की नजरें अब एलिमिनेटर में जीत दर्ज कर आगे बढ़ने पर होंगी, जबकि मेरठ क्वालिफायर-1 में जीत हासिल कर फाइनल की ओर कदम बढ़ाना चाहेगा।

