हरियाणा में किशोरियों के लिए मुफ्त HPV वैक्सीन अभियान, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर जागरूक किया।
हरियाणा सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। इस कड़ी में राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं, जो राज्य में मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही है। चंडीगढ़ में जनसमस्याएं सुनने के दौरान उन्होंने इस विषय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह पहल बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा लगभग 3 लाख किशोर लड़कियों, विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को इस वैक्सीन के तहत कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस टीकाकरण अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 28 फरवरी को की गई थी, जिसका उद्देश्य राज्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करना है।
उन्होंने बताया कि HPV वैक्सीन खास तौर पर वायरस के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण माने जाते हैं। इसके अलावा यह टाइप 6 और 11 से भी बचाव करती है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में गर्भाशय के निचले हिस्से यानी सर्विक्स में विकसित होता है और इसका मुख्य कारण लंबे समय तक HPV संक्रमण बना रहना होता है।
also read : जनगणना 2027 में डिजिटल क्रांति: डॉ. सुमिता मिश्रा ने की ऑनलाइन स्व-गणना, नागरिकों से भागीदारी की अपील
आरती सिंह राव ने इस बीमारी के जोखिम कारकों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि धूम्रपान, कम उम्र में विवाह और गर्भधारण, बार-बार प्रसव और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली इसके खतरे को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और नियमित जांच से इस गंभीर बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टीकाकरण प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैक्सीन लगाने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि किशोरी खाली पेट न हो और टीकाकरण से पहले अभिभावकों से ओटीपी आधारित या लिखित सहमति लेना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को इस विषय में जानकारी दी जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला को समय पर जांच, उचित इलाज और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को जड़ से खत्म किया जा सके।
इस अभियान को राज्य में महिला स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में लाखों महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचाने में सहायक सिद्ध होगा।

