अगस्त में सकल GST राजस्व 14.8% बढ़कर ₹1.99 लाख करोड़ हुआ। रिफंड के बाद नेट GST कलेक्शन ₹1.68 लाख करोड़ रहा।
देश के वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह में अगस्त 2026 के दौरान सालाना आधार पर मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को जारी प्रारंभिक सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में भारत का सकल जीएसटी राजस्व 14.8 प्रतिशत बढ़कर 1,99,853 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल अगस्त में यह आंकड़ा 1,74,116 करोड़ रुपये था।
हालांकि, महीने-दर-महीने आधार पर जीएसटी संग्रह में गिरावट देखने को मिली। जुलाई 2026 में सरकार को जीएसटी से करीब 2.11 लाख करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे, जो अगस्त में घटकर 1.99 लाख करोड़ रुपये रह गए।
आयात से जीएसटी राजस्व में 29% की वृद्धि
अगस्त के दौरान जीएसटी संग्रह में बढ़ोतरी के पीछे आयात से प्राप्त राजस्व की अहम भूमिका रही। आयात से मिलने वाला सकल जीएसटी राजस्व सालाना आधार पर 29 प्रतिशत बढ़कर 62,604 करोड़ रुपये हो गया।
वहीं, घरेलू लेनदेन से मिलने वाले सकल जीएसटी राजस्व में भी वृद्धि हुई। अगस्त 2025 के 1,25,570 करोड़ रुपये की तुलना में घरेलू सकल जीएसटी संग्रह 9.3 प्रतिशत बढ़कर 1,37,249 करोड़ रुपये हो गया।
also read: Priority Jewels IPO: आखिरी दिन 37 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन, NII और…
जीएसटी रिफंड में 67.9% का उछाल
अगस्त 2026 में जीएसटी रिफंड की राशि में भी काफी तेजी देखने को मिली। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, कुल जीएसटी रिफंड सालाना आधार पर 67.9 प्रतिशत बढ़कर 31,795 करोड़ रुपये रहा। अगस्त 2025 में यह राशि 18,935 करोड़ रुपये थी।
घरेलू जीएसटी रिफंड में 72.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 18,490 करोड़ रुपये रहा। वहीं, ICEGATE के जरिए प्रोसेस किए गए निर्यात कर रिफंड में 61.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 13,305 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
रिफंड के बाद नेट जीएसटी कलेक्शन कितना रहा?
रिफंड की ऊंची राशि को समायोजित करने के बाद अगस्त 2026 में सरकार का शुद्ध जीएसटी राजस्व 1,68,057 करोड़ रुपये रहा। यह अगस्त 2025 के 1,55,181 करोड़ रुपये के मुकाबले 8.3 प्रतिशत अधिक है।
नेट राजस्व में सीमा शुल्क से जुड़े जीएसटी संग्रह में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। शुद्ध सीमा शुल्क जीएसटी राजस्व 22.3 प्रतिशत बढ़कर 49,299 करोड़ रुपये हो गया।
इसके विपरीत, शुद्ध घरेलू जीएसटी राजस्व में अपेक्षाकृत धीमी वृद्धि रही। यह सालाना आधार पर 3.4 प्रतिशत बढ़कर 1,18,759 करोड़ रुपये पहुंच गया।
12 सितंबर को होगी GST Council की बैठक
जीएसटी संग्रह के आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं जब GST Council की 57वीं बैठक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली है। जीएसटी परिषद सचिवालय की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, बैठक 12 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे शुरू होगी।
इससे एक दिन पहले, यानी 11 सितंबर को सुबह 11 बजे से अधिकारियों की बैठक भी नई दिल्ली में प्रस्तावित है। परिषद की बैठक में जीएसटी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

