Diabetes Diet: डायबिटीज के मरीजों को सिर्फ मीठा ही नहीं, बल्कि कुछ आम खाद्य पदार्थों से भी परहेज करना चाहिए। जानें कौन-से 4 फूड्स खतरनाक हैं जो शुगर लेवल बढ़ा सकते हैं।
Diabetes Diet: भारत में डायबिटीज के मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। शुगर का स्तर कंट्रोल में रखने के लिए जहां दवाएं जरूरी हैं, वहीं एक सही डायबिटिक डाइट प्लान भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। अक्सर मरीज सिर्फ चीनी और मिठाई से परहेज करते हैं, लेकिन कई ऐसे फूड्स हैं जो “मीठे” नहीं होते, फिर भी तेजी से ब्लड शुगर बढ़ाते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं डायबिटीज में किन 4 चीजों से दूरी बनाना जरूरी है।
1. सफेद चावल और रिफाइंड प्रोडक्ट्स
सफेद चावल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत अधिक होता है, जो ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाता है। इसी श्रेणी में सफेद ब्रेड, मैदा, नूडल्स और बेकरी आइटम्स भी आते हैं। इनकी जगह ब्राउन राइस, दलिया, जौ, बाजरा जैसे फाइबर-युक्त साबुत अनाज चुनें।
2. अत्यधिक स्टार्च वाली सब्जियां और मसालेदार डिशेज
आलू, मक्का, शकरकंद जैसी सब्जियां हाई स्टार्च वाली होती हैं, जो ग्लूकोज में जल्दी बदल जाती हैं। साथ ही ज्यादा मसाले और तेल में बनी सब्जियां कैलोरी और अनहेल्दी फैट से भरपूर होती हैं। इनसे बचें और पालक, लौकी, पत्ता गोभी, ब्रोकोली जैसे कम स्टार्च वाले विकल्प चुनें।
3. फास्ट फूड और प्रोसेस्ड स्नैक्स
बर्गर, पिज्जा, चिप्स, नमकीन, और पैकेज्ड स्नैक्स में हाई ट्रांस फैट, नमक और शुगर छिपे होते हैं। ये ब्लड शुगर, वजन और कोलेस्ट्रॉल तीनों को बढ़ा सकते हैं। इसलिए इनसे पूरी तरह दूरी बनाएं।
4. मीठे फल और फलों का रस
आम, केला, अंगूर, चीकू और लीची जैसे फल प्राकृतिक रूप से बहुत मीठे होते हैं। इनका अधिक सेवन शुगर स्पाइक का कारण बनता है। वहीं फ्रूट जूस से फाइबर निकल जाता है और शुगर लेवल बढ़ सकता है। बेहतर होगा कि आप जामुन, सेब, अमरूद, संतरा और पपीता जैसे लो ग्लाइसेमिक फलों का सीमित मात्रा में सेवन करें।

