YouTube ने YPP के मोनेटाइजेशन नियम बदले हैं। 1 फरवरी 2027 से नए क्रिएटर्स को ज्यादा वॉच ऑवर्स या Shorts व्यूज पूरे करने होंगे।
YouTube Partner Program: YouTube ने अपने पार्टनर प्रोग्राम (YPP) के मोनेटाइजेशन नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत विज्ञापन और YouTube Premium से कमाई के लिए नए क्रिएटर्स को पहले के मुकाबले ज्यादा वॉच टाइम या Shorts व्यूज पूरे करने होंगे। ये बदलाव 1 फरवरी 2027 से लागू होंगे।
YouTube ने क्यों बदले मोनेटाइजेशन नियम?
YouTube ने 2006 में अपना Partner Program शुरू किया था। पिछले कई वर्षों में प्लेटफॉर्म पर वीडियो और शॉर्ट्स की संख्या तेजी से बढ़ी है। कंपनी का कहना है कि नए बदलाव बढ़ती Creator Economy और प्लेटफॉर्म के मौजूदा स्तर के हिसाब से मोनेटाइजेशन सिस्टम को अपडेट करने के लिए किए गए हैं। YouTube ने इस बदलाव को 2018 के बाद Partner Program में सबसे बड़े अपडेट में से एक बताया है।
नए क्रिएटर्स के लिए क्या होगी नई पात्रता?
1 फरवरी 2027 से विज्ञापन और YouTube Premium से कमाई के लिए YPP में आवेदन करने वाले नए क्रिएटर्स को पिछले 12 महीनों में 8,000 योग्य वॉच ऑवर्स या पिछले 90 दिनों में 2 करोड़ योग्य Shorts व्यूज हासिल करने होंगे।
मौजूदा नियमों में YPP के लिए 1,000 सब्सक्राइबर्स के साथ पिछले 365 दिनों में 4,000 योग्य वॉच ऑवर्स या पिछले 90 दिनों में 1 करोड़ Shorts व्यूज की जरूरत होती है।
also read: 120 इंच तक स्क्रीन और Google TV का सपोर्ट, boAt ने लॉन्च किए…
फैन फंडिंग और शॉपिंग की शर्तें नहीं बदलीं
YouTube ने स्पष्ट किया है कि Fan Funding और Shopping से जुड़े फीचर्स के लिए मौजूदा पात्रता नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसका मतलब है कि इन सुविधाओं के लिए लागू मौजूदा एंट्री शर्तें पहले की तरह ही रहेंगी।
Shorts से कमाई के नियम में भी बदलाव
Shorts से कमाई करने वाले क्रिएटर्स के लिए भी नया नियम लागू होगा। विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू शेयरिंग के लिए पात्र बने रहने हेतु पिछले 90 दिनों में 1 करोड़ योग्य Shorts व्यूज हासिल करना जरूरी होगा।
हालांकि, अगर किसी क्रिएटर के Shorts व्यूज इस सीमा से कम हो जाते हैं, तो वह तुरंत YouTube Partner Program से बाहर नहीं होगा। ऐसे क्रिएटर्स लॉन्ग-फॉर्म वीडियो से कमाई के लिए पात्र बने रह सकते हैं।
YouTube पर तेजी से बढ़ रहा Shorts का चलन
कंपनी के अनुसार, YouTube पर हर दिन 200 अरब से ज्यादा Shorts व्यूज दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं टीवी स्क्रीन पर रोजाना एक अरब घंटे से ज्यादा YouTube कंटेंट देखा जाता है। प्लेटफॉर्म पर बढ़ते कंटेंट और व्यूज को देखते हुए YouTube ने मोनेटाइजेशन की शर्तों को अपडेट करने का फैसला किया है।
Premium Lite को लेकर भी बड़ा ऐलान
YouTube ने अपने Premium Lite प्लान के विस्तार की भी जानकारी दी है। इस प्लान के तहत यूजर्स को ज्यादातर वीडियो बिना विज्ञापन देखने के साथ डाउनलोड और बैकग्राउंड प्लेबैक जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
नए YouTubers पर क्या पड़ेगा असर?
नए नियमों का सबसे ज्यादा असर उन क्रिएटर्स पर पड़ सकता है जो पहली बार YouTube से विज्ञापन के जरिए कमाई शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। अब उन्हें मोनेटाइजेशन के लिए ज्यादा योग्य वॉच ऑवर्स या Shorts व्यूज हासिल करने होंगे।
हालांकि, नए नियम 1 फरवरी 2027 से लागू होंगे, इसलिए क्रिएटर्स के पास अपनी कंटेंट और मोनेटाइजेशन रणनीति को नए नियमों के अनुसार तैयार करने का समय है।

