खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल में कहा कि होली और दुल्हेंडी भाईचारे व सद्भाव का प्रतीक हैं और यह पर्व समाज को जोड़ने का काम करता है।
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि होली और दुल्हेंडी का पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है तथा यह सामाजिक बंधनों को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार लोगों के बीच प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना को और प्रगाढ़ करता है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम पलवल जिले के गांव कोंडल स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में होली और फाग के उपलक्ष्य में आयोजित होली मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होली का पर्व केवल रंगों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का भी संदेश देता है। इस दिन लोग पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं और प्रेमपूर्वक रंग-गुलाल लगाकर खुशियां बांटते हैं।
मंत्री ने कहा कि भारत में होली को अलग-अलग क्षेत्रों में अलग अंदाज से मनाया जाता है, लेकिन बृज की होली विशेष रूप से प्रसिद्ध है। बृज क्षेत्र में इस पर्व को कई दिनों तक उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है, जिससे इसका सांस्कृतिक महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि होली हमें सिखाती है कि समाज में प्रेम और सौहार्द के साथ रहकर ही सच्ची खुशहाली लाई जा सकती है।
also read : 12 साल बाद माता-पिता बनने वाले हैं रवि दुबे और सरगुन मेहता? प्रेग्नेंसी की खबरों पर जानिए पूरा सच
गौरव गौतम ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इस पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा समाज में भाईचारे की भावना को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर होली के गीतों और फाग के रंग में रंगकर उत्सव को उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया।

