मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगोलपुरी में अंतरराष्ट्रीय सैनी भवन का उद्घाटन कर महात्मा ज्योतिराव फुले और माता सावित्रीबाई फुले को सामाजिक न्याय व शिक्षा की प्रेरणा बताया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को दिल्ली के मंगोलपुरी में अंतरराष्ट्रीय सैनी भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा बुद्ध, महात्मा ज्योतिराव फुले, माता सावित्रीबाई फुले और महाराज शूर सैन की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया। मुख्यमंत्री ने सावित्रीबाई ज्योतिराव फुले ट्रस्ट को 51 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा करते हुए सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले और माता सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में शिक्षा का दीप जलाया, जब समाज में अंधकार और कुरीतियों का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक भवन के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि उन विचारों और मूल्यों का उत्सव है, जिन्होंने भारतीय समाज को नई दिशा दी और सामाजिक न्याय, समानता व शिक्षा के मार्ग को मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फुले दंपति केवल दो नाम नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति के दो मजबूत स्तंभ हैं। जब बेटियों को पढ़ाना अपराध समझा जाता था, तब सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा को हथियार बनाकर समाज में बदलाव की नींव रखी। महात्मा ज्योतिराव फुले ने जाति-भेद, अन्याय और असमानता के खिलाफ अपने विचारों से एक वैचारिक आंदोलन खड़ा किया और कलम को तलवार बनाकर सामाजिक चेतना को जागृत किया।
also read : रोहतक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दिए निर्देश, बिजली-पानी-सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के त्वरित समाधान पर सरकार का फोकस
उन्होंने कहा कि यह प्रतिमाएं हमें हमेशा याद दिलाती रहेंगी कि शिक्षा से बड़ा कोई हथियार नहीं, समानता से बड़ा कोई धर्म नहीं और मानवता से बड़ा कोई राष्ट्रधर्म नहीं है। मुख्यमंत्री ने समाज से आह्वान किया कि बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी जाए और भेदभाव के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई जाए, ताकि शिक्षा की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
इस मौके पर ट्रस्ट के प्रधान श्रीपाल सैनी ने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी और भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राजकुमार सैनी, पूर्व मंत्री धर्म सिंह, उत्तर प्रदेश के मंत्री जसवंत सैनी, रणवीर सिंह, गुलाब सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों से जोड़ने और समाज में समानता, शिक्षा और सामाजिक समरसता के मूल्यों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

