लुधियाना में पूर्वांचल सम्मान रैली को संबोधित करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘आप’ भ्रष्टाचार में कांग्रेस से आगे है और 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनाकर राज्य को नंबर वन बनाया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने लुधियाना में आयोजित पूर्वांचल सम्मान रैली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस से भी चार कदम आगे है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और 2027 में राज्य में भाजपा की सरकार बनाकर पंजाब को देश का नंबर वन राज्य बनाया जाएगा।
रविवार को लुधियाना के छठ पूजा मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब की जनता से जो वादे किए थे, वे चार साल बीत जाने के बाद भी पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को जन्म दिया और आम आदमी पार्टी ने उसे रोकने के बजाय और बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जनता ने केजरीवाल को बाहर का रास्ता दिखाकर उनकी कथित ‘ईमानदारी’ की सच्चाई सामने ला दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुधियाना पंजाब की औद्योगिक राजधानी और भारत का ‘मैनचेस्टर’ कहलाता है। उन्होंने इस मेहनतकश धरती को नमन करते हुए कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवर्तन का संदेश है। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और वीरों की भूमि है और यह राज्य भारत की आत्मा है, जो सीमाओं का प्रहरी भी है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता भाईचारे और साझा संस्कृति का है। उन्होंने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है, किडनी रोगियों को सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा मिल रही है और शत-प्रतिशत फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। उन्होंने बताया कि लगभग दो लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी गई हैं और आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत 27 लाख परिवारों का मुफ्त इलाज किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के इलाज की चिंता भी केंद्र और प्रदेश सरकार कर रही है। इसके अलावा लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए 4 प्रतिशत ब्याज दर पर 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
also read : T20 World Cup 2026: ‘डक’ से अछूती रही साउथ अफ्रीका, भारत-इटली 8-8 बार शिकार; अभिषेक शर्मा की फॉर्म बनी चिंता
नायब सिंह सैनी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने नशे पर काबू पाने के बजाय उसे बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही 2027 में पंजाब में कमल खिलेगा, नशे के कारोबार में शामिल लोगों और गैंगस्टर संस्कृति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं और पंजाब में भाजपा सरकार बनते ही केंद्र की सभी योजनाओं को पूरी मजबूती से लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने रैली में लोगों को आने से रोकने और वाहनों को रोके जाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी पर “घटिया राजनीति” करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि पंजाब को नंबर वन राज्य बनाने के लिए 2027 में भाजपा की सरकार बनाएं।रोहतक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दिए निर्देश, बिजली-पानी-सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के त्वरित समाधान पर सरकार का फोकस
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, रैली के आयोजक राजेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष लुधियाना रजनीश धीमान सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

