ICC ने महिला टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग जारी की है जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने गेंदबाजी और ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मंगलवार, 16 जून को महिला टी20 इंटरनेशनल की ताजा रैंकिंग जारी की है। इस नई सूची में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया है। महिला टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन का असर अब रैंकिंग में साफ दिखाई दे रहा है।
श्री चरणी ने हासिल की करियर की बेस्ट रैंक
बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके थे। इस प्रदर्शन के दम पर वह आईसीसी महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 5 स्थान की छलांग लगाकर सीधे दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
उनके अब 728 रेटिंग पॉइंट हो गए हैं। फिलहाल पहले स्थान पर इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ मौजूद हैं, जबकि लॉरेन बेल तीसरे स्थान पर खिसक गई हैं।
also read: हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टी20 वर्ल्ड कप का 8 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
दीप्ति शर्मा का ऑलराउंड प्रदर्शन चमका
भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भी पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जिसमें उन्होंने 5 विकेट हासिल किए और प्लेयर ऑफ द मैच बनीं।
इसके बाद वह गेंदबाजी रैंकिंग में 5 पायदान ऊपर आकर टॉप-5 में शामिल हो गई हैं। वहीं, ऑलराउंडर रैंकिंग में भी उन्हें फायदा हुआ है और वह अब तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति मंधाना टॉप-5 में
टी20 महिला बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत की स्मृति मंधाना पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर एक स्थान नीचे खिसककर 11वें नंबर पर पहुंच गई हैं। टॉप पर ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉल मौजूद हैं, जबकि लौरा वोल्वार्ड्ट दूसरे और बेथ मूनी तीसरे स्थान पर हैं।
ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़ा बदलाव
ऑलराउंडर रैंकिंग में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर अब दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। वहीं, वेस्टइंडीज की हेले मैथ्यूज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 471 रेटिंग के साथ नया नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है।

