Housing Price Hike: 2021 के अंत और 2024 के अंत के बीच, बेंगलुरु, एमएमआर, एनसीआर और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में घरों की औसत कीमत किराये की तुलना में अधिक बढ़ गई है।
Housing Price Hike: दिल्ली-NCR के नोएडा में निवासी संपत्ति की कीमतों में पिछले तीन वर्षों में सबसे तेज वृद्धि देखने को मिली है। नोएडा के सेक्टर 150 में घरों की कीमतों में पिछले तीन वर्षों में 128 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि किराये के मूल्य में 66% की वृद्धि हुई है। यह जानकारी रियल एस्टेट कंसलटेंसी कंपनी एनारॉक की एक रिपोर्ट में दी गई है।
गुरुग्राम के सोहना रोड पर निवासी संपत्ति की कीमतें 59 प्रतिशत बढ़ी हैं, जबकि किराया 47 प्रतिशत बढ़ा है। एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा, “शीर्ष सात शहरों में प्रमुख माइक्रो बाजारों के विश्लेषण से पता चलता है कि 2021 के अंत और 2024 के अंत के बीच बेंगलुरु, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में घरों की औसत कीमत किराये की तुलना में अधिक बढ़ गई है। ”उन्होंने कहा कि पुणे, कोलकाता और चेन्नई में विपरीत स्थिति हुई। किराया इन स्थानों पर अधिक बढ़ा है, जबकि घरों की कीमतें अपेक्षाकृत कम बढ़ी हैं।
2021 के अंत में 6,600 रुपये प्रति वर्ग फुट का औसत मूल्य 59% बढ़कर 2024 के अंत में 10,500 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया। किराया 25,000 रुपये प्रति महीने से 47% बढ़कर 36,700 रुपये हो गया। नोएडा के सेक्टर-150 में एक वर्ग फुट का औसत घर का मूल्य 5,700 रुपये से दोगुना होकर 13,000 रुपये हो गया। किराया 16,000 रुपये से 26,600 रुपये प्रति महीने हो गया।
गुरुग्राम स्थित रियल्टी फर्म व्हाइटलैंड कॉर्पोरेशन के रणनीतिक निदेशक सुदीप भट्ट ने कहा, “गुरुग्राम जैसे रियल एस्टेट बाजारों में प्रॉपर्टी की कीमतों में इजाफा और किराये में बढ़ोतरी के बीच महत्वपूर्ण असमानता अलग-अलग कारणों से हो सकती है। इस प्रवृत्ति का मुख्य कारण निवेशकों का विश्वास और लग्जरी और हाई-एंड प्रॉपर्टी में निवेश पर मिलने वाला भारी रिटर्न है, जो किराये से होने वाले आय से ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है।
For more news: Business

