हरियाणा के मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार में कहा कि ‘मन की बात’ अनदेखे नायकों को पहचान देता है और स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत व सामाजिक समरसता पर जन-जागरूकता बढ़ाता है।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने आज हिसार के मील गेट पर आमजन के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के कोने-कोने में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करता है तथा समाज के उन अनदेखे नायकों को पहचान दिलाने का सशक्त मंच बन चुका है, जो चुपचाप राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों और संकल्पों को जन-आंदोलन में बदलने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचार स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा नवाचार, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जन-जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
also read : तेजस्वी प्रकाश ने बांद्रा वेस्ट में खरीदा ₹7.63 करोड़ का लग्ज़री फ्लैट, बे हाइट्स प्रोजेक्ट में किया बड़ा रियल एस्टेट निवेश
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों और नवाचारों की कहानियां सामने आती हैं, जो आम नागरिकों को भी राष्ट्रहित के कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं। इससे समाज में जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना मजबूत होती है।
मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का यह प्रयास देशवासियों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है और नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि जब लोग सामूहिक रूप से इस तरह के कार्यक्रमों को सुनते और उन पर चर्चा करते हैं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की गति और तेज होती है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी बड़ी संख्या मौजूद रही, जिन्होंने ‘मन की बात’ के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। मंत्री रणबीर गंगवा ने सभी से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों से प्रेरणा लेकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं।

