नई BMW 3 Series ग्लोबल डेब्यू के साथ पेश हुई। इलेक्ट्रिक i3 में 912 KM रेंज और M350 xDrive में 443 HP पावर मिलती है।
लग्जरी कारों के शौकीनों के लिए BMW ने अपनी नई जनरेशन 3 Series से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इस बार पेट्रोल और इलेक्ट्रिफाइड पावरट्रेन के साथ पूरी तरह इलेक्ट्रिक BMW i3 को भी पेश किया है। नई 3 Series में कंपनी के Neue Klasse डिजाइन दर्शन की झलक देखने को मिलती है।
नई इलेक्ट्रिक BMW i3 की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी ड्राइविंग रेंज है। कंपनी के मुताबिक i3 50 xDrive एक चार्ज में 912 किलोमीटर तक की WLTP रेंज दे सकती है। फिलहाल भारत में नई 3 Series और i3 की लॉन्च डेट को लेकर BMW ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
Neue Klasse से प्रेरित है डिजाइन
नई BMW 3 Series का बेसिक सेडान सिल्हूट पुराने मॉडल की पहचान को बरकरार रखता है, लेकिन डिजाइन में काफी बदलाव किए गए हैं। कार में लंबा व्हीलबेस, छोटे ओवरहैंग और ज्यादा उभरे हुए शोल्डर्स दिए गए हैं।
फ्रंट प्रोफाइल में नई लाइटिंग डिजाइन के साथ BMW की सिग्नेचर किडनी ग्रिल देखने को मिलती है। हेडलाइट्स और ग्रिल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि दोनों एक-दूसरे से जुड़े हुए नजर आते हैं। M Performance वेरिएंट में येलो लाइटिंग एलिमेंट्स भी दिए गए हैं।
रियर सेक्शन में हॉरिजॉन्टल टेललाइट्स मिलती हैं। इलेक्ट्रिक i3 के लिए 19, 20 और 21 इंच के व्हील विकल्प उपलब्ध हैं, जबकि ICE मॉडल में 18 से 20 इंच तक के अलॉय व्हील दिए गए हैं।
टेक्नोलॉजी से लैस नया इंटीरियर
नई 3 Series के केबिन को ड्राइवर-केंद्रित लेआउट के साथ तैयार किया गया है। इसमें BMW की नई Panoramic iDrive टेक्नोलॉजी शामिल है।
कार में BMW Panoramic Vision के साथ ऑप्शनल 3D हेड-अप डिस्प्ले और 17.9 इंच की टचस्क्रीन दी गई है। स्टीयरिंग व्हील को भी नए डिजाइन में तैयार किया गया है।
इंफोटेनमेंट और दूसरे प्रमुख फंक्शंस BMW Operating System X पर काम करते हैं। ड्राइवर इन्हें टच, हैप्टिक कंट्रोल और वॉयस कमांड से ऑपरेट कर सकता है।
BMW ने अपने Intelligent Personal Assistant को भी अपडेट किया है। इसमें Amazon Alexa+ AI का सपोर्ट शामिल किया गया है। इसके अलावा BMW Maps और Security Assistant जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।
also read: Apple Pay भारत में लॉन्च, बिना PIN और OTP के होगी पेमेंट; जानें कैसे…
सीट और ऑडियो के कई विकल्प
नई BMW 3 Series में ग्राहकों को चार अलग-अलग इंटीरियर थीम चुनने का विकल्प मिलता है। इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट और मेमोरी फंक्शन वाली सीटें भी उपलब्ध हैं।
इसके अलावा ग्राहक मल्टीफंक्शन सीट्स, M Sport सीट्स, रियर सीट हीटिंग और Harman Kardon ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स को विकल्प के तौर पर चुन सकते हैं।
BMW i3 में 912 KM तक की रेंज
नई BMW i3 को कंपनी की छठी पीढ़ी की eDrive तकनीक पर तैयार किया गया है। इलेक्ट्रिक सेडान में 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर, सिलिंड्रिकल बैटरी सेल्स और बायडायरेक्शनल चार्जिंग की सुविधा दी गई है।
BMW i3 50 xDrive में 108.7 kWh की बैटरी मिलती है। यह सेटअप 469 hp की अधिकतम पावर और 645 Nm टॉर्क पैदा करता है। कार महज 4.7 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है।
इस मॉडल की WLTP सर्टिफाइड रेंज 912 किलोमीटर तक बताई गई है। फास्ट चार्जिंग के लिए इसमें 400kW तक DC चार्जिंग सपोर्ट मिलता है।
वहीं i3 40 xDrive में 82.8 kWh बैटरी पैक दिया गया है। इसका पावर आउटपुट 374 hp है और यह एक चार्ज में 710 किलोमीटर तक की WLTP रेंज देने में सक्षम है।
BMW भविष्य में i3 M60 xDrive को भी लाइनअप में शामिल कर सकती है। यह ज्यादा पावरफुल परफॉर्मेंस वेरिएंट होगा।
पेट्रोल मॉडल में M350 xDrive सबसे खास
नई 3 Series के ICE लाइनअप में M350 xDrive प्रमुख परफॉर्मेंस मॉडल है। इसमें 3.0 लीटर का छह-सिलेंडर पेट्रोल इंजन 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम के साथ दिया गया है।
यह पावरट्रेन 443 hp की पावर पैदा करता है। कार केवल 4.1 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार हासिल कर लेती है, जबकि इसकी अधिकतम स्पीड 250 kmph पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से सीमित है।
M350 xDrive में Drift Mode भी दिया गया है, जो ड्राइविंग के दौरान नियंत्रित ओवरस्टीयर की सुविधा देता है। इसके अलावा नई 3 Series में दो चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन के विकल्प भी उपलब्ध होंगे।
BMW आने वाले समय में इस मॉडल का प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन भी पेश करने की तैयारी कर रही है।
भारत में कब लॉन्च होगी नई BMW 3 Series?
नई जनरेशन BMW 3 Series के भारत लॉन्च को लेकर अभी कंपनी की ओर से आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। BMW फिलहाल भारतीय बाजार में 3 Series बेचती है, इसलिए नई जनरेशन मॉडल का भारतीय बाजार में आना संभावित माना जा रहा है।
भारत में लॉन्च होने पर यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी नई 3 Series के साथ BMW i3 इलेक्ट्रिक सेडान को भी यहां पेश करती है या नहीं। फिलहाल दोनों मॉडलों की भारतीय लॉन्च टाइमलाइन का इंतजार है।

