एशियन गेम्स 2026: भारत-श्रीलंका सेमीफाइनल में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह पर रहेंगी नजरें।
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत और श्रीलंका के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 1 अक्टूबर को खेला जाएगा। बारिश के कारण भारत का क्वार्टर फाइनल मुकाबला रद्द होने के बाद टीम इंडिया ने अपनी बेहतर टी20 रैंकिंग के आधार पर अंतिम चार में जगह बनाई। अब भारतीय टीम की नजर फाइनल में पहुंचने पर होगी।
श्रीलंका के खिलाफ होने वाले इस अहम मुकाबले में कुछ भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी। इनमें बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग के खिलाड़ी शामिल हैं।
अभिषेक शर्मा पर रहेंगी निगाहें
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस मुकाबले में टीम को तेज शुरुआत दिलाने की क्षमता रखते हैं। हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की थी।
सीरीज के तीन मुकाबलों में अभिषेक ने 229 रन बनाए थे। उनके आक्रामक अंदाज को देखते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने उन्हें रोकना बड़ी चुनौती हो सकती है। जापान के खिलाफ पिछले मैच में उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला था, ऐसे में सेमीफाइनल में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
तिलक वर्मा का रिकॉर्ड बना सकता है फर्क
तिलक वर्मा के लिए एशियन गेम्स का सेमीफाइनल खास रहा है। 2023 के एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए थे। उनकी पारी में दो चौके और छह छक्के शामिल थे।
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की धीमी पिच को देखते हुए तिलक की बल्लेबाजी भारत के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। वह जरूरत के मुताबिक पारी को संभालने के साथ तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं।
also read: एशियन गेम्स 2026: साहन अरच्चिगे के शानदार कैच ने शिवम दुबे को भेजा…
ईशान किशन बन सकते हैं गेम चेंजर
विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। इस साल खेले गए 27 मुकाबलों में उन्होंने 905 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और छह अर्धशतक निकले हैं।
ईशान का आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज उन्हें श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत के लिए अहम खिलाड़ी बना सकता है। पावरप्ले में तेजी से रन बनाने के अलावा वह दबाव की स्थिति में भी बड़े शॉट लगाने की क्षमता रखते हैं।
अक्षर पटेल की स्पिन होगी अहम
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की पिच पर अब तक स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती दिखाई दी है। गेंद के रुककर बल्ले पर आने की वजह से स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
ऐसे हालात में अक्षर पटेल भारत के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। श्रीलंका के खिलाफ उनके चार ओवर मैच की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
जसप्रीत बुमराह पर बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय तेज गेंदबाजी की अगुवाई जसप्रीत बुमराह करेंगे। बड़े मुकाबलों में उनकी गेंदबाजी टीम के लिए महत्वपूर्ण रहती है। नई गेंद से शुरुआती विकेट लेने के साथ डेथ ओवरों में रन रोकने की उनकी क्षमता श्रीलंका के बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकती है।
सेमीफाइनल जैसे दबाव वाले मुकाबले में बुमराह के चार ओवर भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। अगर वह शुरुआती और अंतिम ओवरों में प्रभाव छोड़ते हैं, तो श्रीलंका के रन रेट पर असर पड़ सकता है।
फाइनल पर होगी भारत की नजर
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाला सेमीफाइनल मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। भारतीय टीम के पास बल्लेबाजी में आक्रामक विकल्पों के साथ स्पिन और तेज गेंदबाजी का संतुलन भी मौजूद है। अब देखना होगा कि इन खिलाड़ियों में से कौन से खिलाड़ी सेमीफाइनल में अपने प्रदर्शन से टीम को फाइनल की राह पर ले जाते हैं।

