मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर में ‘पंजाब बचाओ’ रैली में नशा, भ्रष्टाचार और अपराध पर कड़ा प्रहार का संकल्प दोहराते हुए 2027 में भाजपा को मौका देने की अपील की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर में आयोजित ‘पंजाब बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है और इसे नशा, भ्रष्टाचार व अपराध से मुक्त करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि विकास, सुरक्षा और सुशासन के रास्ते पर चलकर ही पंजाब का भरोसा और भविष्य दोनों मजबूत होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां से श्री हरमंदिर साहिब से ‘सरबत दा भला’ का संदेश दुनिया को मिला और जहां जलियांवाला बाग की मिट्टी आज भी बलिदान की गवाही देती है। पंजाब ने भगत सिंह, उधम सिंह और सुखदेव जैसे अमर सपूत देश को दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी धरती से “पंजाब बचाओ” का नारा पीड़ा भी देता है और बदलाव का संकल्प भी मजबूत करता है।
नायब सिंह सैनी ने सवाल उठाया कि क्या आज का पंजाब का नौजवान सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है या नशे और निराशा के अंधेरे में धकेला जा रहा है? क्या किसान कर्ज और अनिश्चित नीतियों के दबाव से मुक्त है? क्या व्यापारी बेखौफ होकर कारोबार कर पा रहा है? उन्होंने कहा कि इन सवालों का ईमानदार जवाब ही पंजाब की दिशा तय करेगा।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और ढीली प्रशासनिक व्यवस्था ने पंजाब को कमजोर किया। नशा गांव-गांव तक पहुंचा, लेकिन कार्रवाई कागजों से आगे नहीं बढ़ी। वहीं, आम आदमी पार्टी की सरकार से भी जनता की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं। उन्होंने पंजाब सरकार से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने की मांग की कि कितने युवाओं को स्थायी रोजगार मिला और नशा तस्करी पर क्या ठोस कदम उठाए गए।
हरियाणा मॉडल का जिक्र करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी, लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये की सहायता के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान और प्राकृतिक आपदा में पूरा मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जहां कांग्रेस काल में 1139 करोड़ रुपये मुआवजा दिया गया, वहीं भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 15,500 करोड़ रुपये किसानों को प्रदान किए।
also read : 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी: मंत्री श्याम सिंह राणा
स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि हरियाणा में आयुष्मान/चिरायु योजना के तहत प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध है और अब तक 4500 करोड़ रुपये उपचार पर खर्च किए जा चुके हैं। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता के रूप में 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जबकि पंजाब में घोषित बढ़ोतरी अब तक लागू नहीं हो पाई है।
मुख्यमंत्री ने 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता से भाजपा को मौका देने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में पंजाब की निर्णायक भूमिका होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने पर अपराधों पर प्रभावी अंकुश, नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जाएगा।
रैली में श्वेत मलिक, कार्यक्रम संयोजक साहिब सिंह मुच्छल, रघुबीर सिंह छिन्दा, पूर्व विधायक बिशन सैनी सहित अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

