‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ में टॉम हॉलैंड का नया अवतार देखने को मिलेगा। एक्टर ने फिल्म की डार्क कहानी और बड़े सरप्राइज का खुलासा किया।
मार्वल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले लीड एक्टर टॉम हॉलैंड ने फिल्म की कहानी और अपने किरदार को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार फैंस को स्पाइडर-मैन का पहले से बिल्कुल अलग और ज्यादा गंभीर रूप देखने को मिलेगा।
फिल्म के प्रमोशन के दौरान टॉम हॉलैंड ने कहा कि ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ पीटर पार्कर की जिंदगी का सबसे चुनौतीपूर्ण और डार्क चैप्टर साबित हो सकता है। उनके बयान के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
also read: विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहुंचे वृंदावन के नीम करोली बाबा आश्रम…
पीटर पार्कर की जिंदगी में आएगा बड़ा बदलाव
एक इंटरव्यू के दौरान टॉम हॉलैंड ने बताया कि फिल्म में पीटर पार्कर खुद को दुनिया से अलग कर चुका होगा। पिछली फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ में मिले अनुभवों के बाद पीटर की सोच और जिंदगी में काफी बदलाव देखने को मिलेगा।
टॉम ने बताया कि एंड्रयू गारफील्ड के स्पाइडर-मैन से पीटर पार्कर ने सीखा था कि मुश्किल समय में दूसरों से मदद मांगना कमजोरी नहीं बल्कि हिम्मत की निशानी है। हालांकि, नई फिल्म में पीटर इस सीख को नजरअंदाज करता हुआ दिखाई देगा।
पहले से ज्यादा ताकतवर दिखेगा स्पाइडर-मैन
टॉम हॉलैंड के मुताबिक, भले ही पीटर पार्कर की निजी जिंदगी मुश्किलों से गुजर रही होगी, लेकिन बतौर सुपरहीरो स्पाइडर-मैन पहले से ज्यादा मजबूत नजर आएगा।
फिल्म में स्पाइडर-मैन के कॉस्ट्यूम पर भी खास ध्यान दिया गया है। बताया जा रहा है कि नए सूट में पुराने आइकॉनिक स्पाइडर-मैन लुक की झलक देखने को मिलेगी, जो टोबी मैग्वायर के किरदार को सम्मान देने वाला होगा।
नो वे होम के बाद की कहानी होगी ‘ब्रैंड न्यू डे’
‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ की कहानी ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ की घटनाओं के कुछ समय बाद दिखाई जाएगी। डॉक्टर स्ट्रेंज के जादू के बाद दुनिया पीटर पार्कर को भूल चुकी है।
अब पीटर अकेले ही न्यूयॉर्क शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहा है। फिल्म में पहली बार दर्शकों को एक ऐसे स्पाइडर-मैन से रूबरू कराया जाएगा, जहां एक अकेले इंसान पीटर पार्कर और सुपरहीरो स्पाइडर-मैन के बीच संघर्ष देखने को मिलेगा।
फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट
‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ में टॉम हॉलैंड के साथ जेंडाया, जैकब बैटलन, जॉन बर्नथल, माइकल मांडो और मार्क रफेलो जैसे कलाकार नजर आएंगे। इसके अलावा ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ फेम सैडी सिंक भी फिल्म का हिस्सा हैं।
यह फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर मार्वल फैंस के बीच अभी से काफी चर्चा देखने को मिल रही है।

