Gujarat Titans ने Punjab Kings को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की, जेसन होल्डर बने मैच के हीरो।
आईपीएल 2026 में Gujarat Titans ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए Punjab Kings को एक रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ गुजरात ने प्लेऑफ की रेस को और भी दिलचस्प बना दिया है, जबकि पंजाब किंग्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
मैच में गुजरात की जीत के हीरो रहे जेसन होल्डर, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और पंजाब के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह बिखेर दिया। उनके अलावा मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने भी 2-2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और कप्तान श्रेयस अय्यर समेत आधी टीम सिर्फ 47 रन पर ही पवेलियन लौट गई। इसके बाद सूर्यांश शेडगे और मार्कस स्टोइनिस ने शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला। शेडगे ने 57 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें उन्होंने एक ही ओवर में तीन छक्के और दो चौके जड़े, जबकि स्टोइनिस ने 40 रन बनाए। अंत में मार्को यानसन के तेज 20 रन की बदौलत पंजाब 165 रन तक पहुंच सका।
also read : IPL 2026: सुनील नरेन के 200 विकेट पूरे, शाहरुख खान का भावुक संदेश—‘तुम जादूगर हो’
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और कप्तान शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद साई सुदर्शन और जॉस बटलर ने टीम को संभालते हुए अहम साझेदारी की। सुदर्शन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए और इस सीजन में चौथी बार अर्धशतक जड़ा।
मैच के अंतिम ओवर में गुजरात को जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। सुंदर ने नाबाद 40 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह और विजयकुमार वैशाक ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके।
इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने सीजन में अपनी छठी जीत दर्ज की और प्लेऑफ की दौड़ में खुद को मजबूती से बनाए रखा। वहीं, शुरुआती मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स की टीम अब लगातार हार के बाद दबाव में आ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पंजाब को प्लेऑफ में अपनी जगह मजबूत करनी है, तो उसे जल्द ही अपनी कमजोरियों पर काम करना होगा।

