द हंड्रेड 2026 ऑक्शन से पहले इंडियन मालिकों वाली चार टीमों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली न लगाने का निर्णय लिया, 11-12 मार्च को लंदन में नीलामी होगी।
इंग्लैंड की चर्चित क्रिकेट लीग The Hundred 2026 के ऑक्शन से पहले बड़ा फैसला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडियन मालिकों वाली चार फ्रेंचाइज़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली न लगाने का निर्णय लिया है। इस फैसले का असर आगामी नीलामी पर साफ दिख सकता है, जहां कई बड़े पाकिस्तानी नामों की किस्मत अधर में लटकती नजर आ रही है।
जिन टीमों ने यह रुख अपनाया है, उनमें मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स शामिल हैं। इन चारों फ्रेंचाइज़ियों के मालिक भारतीय हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि वे अपने स्क्वॉड में पाकिस्तानी क्रिकेटरों को शामिल नहीं करेंगे। बता दें कि The Hundred की नीलामी दो दिन चलेगी—11 मार्च को महिला खिलाड़ियों और 12 मार्च को पुरुष खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। यह ऑक्शन लंदन में आयोजित होगा।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी क्रिकेटरों को इस बार भी करीब 18 देशों के लगभग 1,000 खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है, लेकिन इन चार टीमों का रुख उनके लिए रास्ता मुश्किल कर सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईसीबी (ECB) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अनौपचारिक रूप से एक खिलाड़ी एजेंट को बताया कि आईपीएल से जुड़ी इन चारों फ्रेंचाइज़ियों की ओर से पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए बोली नहीं लगेगी।
also read : दिल्ली में 25 नई अटल कैंटीन का उद्घाटन, अब रोज़ 71 हजार थालियां; ₹5 में मिलेगा पौष्टिक भोजन
इस फैसले के पीछे भारत-पाकिस्तान के तनावपूर्ण संबंध बड़ी वजह माने जा रहे हैं। पिछले कुछ समय में दोनों देशों के बीच हालात और ज्यादा बिगड़े हैं, जिसका असर क्रिकेट लीग्स पर भी दिख रहा है। यही कारण है कि आईपीएल में पहले से ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों की एंट्री नहीं होती। इतना ही नहीं, SA20, CPL जैसी लीग्स में भी इंडियन ओनरशिप वाली टीमें आमतौर पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं चुनतीं। ILT20 में भी अब तक सिर्फ अमेरिकी स्वामित्व वाली डेजर्ट वाइपर्स ने ही पाकिस्तान के खिलाड़ियों को मौका दिया है।
दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले ईसीबी के कार्यकारी चेयरमैन रिचर्ड गोल्ड ने संकेत दिए थे कि निवेश के बावजूद खिलाड़ियों के साथ देश के आधार पर भेदभाव नहीं होगा। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा होता नहीं दिख रहा है।
बीते सीज़न में मोहम्मद आमिर, इमाद वसीम, शाहीन अफरीदी, शादाब खान और हारिस रऊफ जैसे बड़े नाम The Hundred (Men’s) में खेल चुके हैं। अब 2026 के संस्करण में इन खिलाड़ियों का भविष्य क्या होगा, यह देखना दिलचस्प रहेगा—क्या बाकी टीमें उन पर दांव लगाएंगी या यह फैसला उनके लिए बड़े झटके में बदल जाएगा।

