प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और उनके परिवार का लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर ने भारत और यूएई के बीच गहरे होते द्विपक्षीय संबंधों को एक बार फिर रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने अतिथियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशेष पारंपरिक उपहार भेंट कर भारतीय परंपराओं और मूल्यों का परिचय कराया।
प्रधानमंत्री द्वारा भेंट किया गया गुजराती पारंपरिक झूला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बारीक लकड़ी की नक्काशी और पारंपरिक शिल्प से सुसज्जित यह झूला गुजराती संस्कृति में पारिवारिक एकता, आपसी संवाद और पीढ़ियों के बीच जुड़ाव का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री ने इस उपहार के माध्यम से परिवार की अहमियत और सांस्कृतिक मूल्यों को रेखांकित किया। यह उपहार इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यूएई ने वर्ष 2026 को ‘ईयर ऑफ फैमिली’ के रूप में घोषित किया है, जो पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई राष्ट्रपति और उनकी पत्नी शेखा फातिमा बिंत मुबारक अल केतबी को कश्मीरी पश्मीना शॉल भेंट की। हाथ से बुनी यह शॉल अपनी कोमलता, गर्माहट और उत्कृष्ट शिल्पकला के लिए विश्वविख्यात है। शॉल को सजावटी चांदी के डिब्बे में प्रस्तुत किया गया, जो कश्मीर की पारंपरिक कला और शान का प्रतीक है। इसके अलावा शेखा फातिमा को कश्मीरी केसर का विशेष डिब्बा भी भेंट किया गया, जो अपनी विशिष्ट खुशबू और लाल रंगत के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है।
यूएई राष्ट्रपति का यह भारत दौरा दोनों देशों के मजबूत होते राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वैश्विक स्तर पर बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच भारत और यूएई के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-यूएई द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर चुका है, जो दोनों देशों के बीच विश्वास और साझेदारी को दर्शाता है।
भारत और यूएई के संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ऊर्जा, रक्षा, निवेश, तकनीक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शेख मोहम्मद बिन जायद के नेतृत्व में दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2019 में यूएई द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान दोनों देशों के बीच मित्रता, आपसी सम्मान और गहरे संबंधों का प्रतीक माना जाता है। इस ताजा मुलाकात ने एक बार फिर भारत-यूएई संबंधों की मजबूती और सांस्कृतिक निकटता को उजागर किया है।


