पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों की सलाह का हवाला देते हुए कहा कि किसानों के हित में US-India ट्रेड डील तुरंत समाप्त हो और केंद्र सरकार संवेदनशीलता दिखाए।
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने केंद्र सरकार से किसानों के मुद्दों पर तत्काल और संवेदनशील हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि केंद्र को अपोलो अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और देश के किसानों के हित में फैसले लेने चाहिए।
संधवां ने कहा कि अमेरिका-भारत के बीच हुआ ट्रेड डील भारतीय किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है और इसे तुरंत समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों से जुड़े अहम मुद्दों पर उदासीन रवैया अपना रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार भारतीय किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और इस ट्रेड पैक्ट के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। साथ ही, केंद्र की उन नीतियों का विरोध किया जाएगा जो किसानों के हितों के खिलाफ जाती हैं।
स्पीकर संधवां ने अपोलो अस्पताल के डॉक्टरों की सलाह का हवाला देते हुए कहा कि आयातित सेब लंबे समय तक स्टोरेज और ट्रांसपोर्ट के कारण 40 से 85 प्रतिशत तक पोषक तत्व, खासकर विटामिन C, खो देते हैं। बाहर से ये सेब भले ही चमकदार दिखें, लेकिन उनकी गुणवत्ता घरेलू सेबों के मुकाबले कम होती है।
also read : किला रायपुर ग्रामीण ओलंपिक 2026: दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, 12 साल बाद लौटी बैलगाड़ी रेस बनी आकर्षण का केंद्र
उन्होंने बताया कि इसके विपरीत कश्मीर और हिमाचल के सेब ज्यादा पौष्टिक होते हैं और कम कीमत पर बेहतर स्वास्थ्य लाभ देते हैं। संधवां ने कहा कि हम प्रीमियम कीमत चुकाकर कम गुणवत्ता वाले आयातित सेब खरीदने को मजबूर हो जाते हैं, जो न तो उपभोक्ताओं के हित में है और न ही किसानों के।
उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करेगी और जल्द से जल्द किसानों से जुड़े सवालों का समाधान निकालेगी। संधवां ने दोहराया कि किसानों की आय, उनकी फसल और उनके भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, न कि ऐसे व्यापारिक समझौते जो घरेलू कृषि को नुकसान पहुंचाएं।

