हिसार जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हिसार में टीबी अस्पताल के लिए नए भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वर्तमान में अस्पताल भवन की ड्राइंग तैयार करने का कार्य प्रगति पर है।
विधानसभा में इस संबंध में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती सिंह राव ने बताया कि जैसे ही भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा, इसे पूरा होने में लगभग 2 से 3 वर्ष का समय लगेगा। नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे टीबी मरीजों को बेहतर इलाज, जांच और देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। नए टीबी अस्पताल भवन के निर्माण से न केवल मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए भी कार्य करने का अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद हिसार और आसपास के क्षेत्रों के टीबी मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा, जिससे टीबी उन्मूलन के राज्य सरकार के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।


