हरियाणा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय 28 फरवरी को लोक भवन में समारोह आयोजित कर 11 वैज्ञानिकों को हरियाणा विज्ञान रत्न और युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार से सम्मानित करेगा।
हरियाणा में विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वैज्ञानिकों के सम्मान के लिए 28 फरवरी को हरियाणा लोक भवन में भव्य राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 11 प्रख्यात वैज्ञानिकों को हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार और हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस प्रतिष्ठित समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह समारोह वर्ष 2022 से 2024 तक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को समर्पित होगा।
हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार के अंतर्गत कुल 5 वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। इनमें वर्ष 2022 के लिए सीएसआईआर भावनगर के वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अरविन्द कुमार और पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा के प्राध्यापक डॉ. राजकुमार शामिल हैं। वर्ष 2023 के लिए आईआईएसईआर, मोहाली और पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की एमेरिटस प्राध्यापक डॉ. सुदेश कौर खंडूजा को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, वर्ष 2024 के लिए क्षेत्रीय जैव प्रौद्योगिकी केंद्र, फरीदाबाद के प्राध्यापक डॉ. दीपक थंकप्पन नायर और राष्ट्रीय मस्तिष्क अनुसंधान केंद्र, मानेसर के वैज्ञानिक डॉ. अनिर्बान बासू को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाएगा।
also read : Supreme Court का बड़ा फैसला: ‘रोज 10 बीड़ी’ से आया स्ट्रोक, सैन्य सेवा से नहीं—पूर्व सैनिक की दिव्यांगता पेंशन याचिका खारिज
हरियाणा युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार के लिए 6 वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। वर्ष 2022 के लिए आईआईटी गांधीनगर के सहायक प्राध्यापक डॉ. विनीत वशिष्ट और डी. वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान, देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. विकास को चुना गया है। वर्ष 2023 के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, अगरतला के सहायक प्राध्यापक डॉ. परमवीर सिंह और भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के सहायक प्राध्यापक डॉ. चिराग जैन को सम्मान मिलेगा। वहीं, वर्ष 2024 के लिए आईआईएसईआर, मोहाली के सहायक प्राध्यापक डॉ. जोगेन्द्र सिंह और एलवी प्रसाद नेत्र संस्थान, हैदराबाद की परामर्शदाता नेत्र चिकित्सक डॉ. स्वाति सिंह को इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
राज्य सरकार का मानना है कि इस तरह के सम्मानों से वैज्ञानिकों को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं में अनुसंधान व नवाचार के प्रति रुचि बढ़ेगी। यह समारोह हरियाणा में विज्ञान, तकनीक और शोध संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

