हरियाणा पर्यटन निगम 28 फरवरी से 4 मार्च तक 22 टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में रंगोत्सव 2026 आयोजित करेगा, जिसमें DJ, हरियाणवी कलाकार, रेन डांस, किड्स जोन और ऑर्गेनिक कलर जोन जैसी कई आकर्षक गतिविधियाँ होंगी।
हरियाणा में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए हरियाणा पर्यटन निगम 28 फरवरी से 4 मार्च 2026 तक प्रदेश के 22 टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में पांच दिवसीय “रंगोत्सव 2026” का आयोजन करने जा रहा है। विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने हरियाणा सिविल सचिवालय में इस महोत्सव का पोस्टर लॉन्च करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग लगातार जनता को जोड़ने वाले नए और आकर्षक आयोजन कर रहा है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि यह पहली बार है जब प्रदेश के इतने बड़े स्तर पर टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स होली के रंगों में रंगे नजर आएंगे। रंगोत्सव 2026 के तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, करनाल, रोहतक, पंचकूला सहित विभिन्न जोनों के प्रमुख टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान प्रतिदिन डीजे, हरियाणवी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रेन डांस जोन, ऑर्गेनिक कलर जोन, किड्स प्ले जोन और पारंपरिक होली के फाग व रागनी कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
also read : पंजाब में जल्द जिला-स्तरीय NRI मीट, समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होगा: डॉ. रवजोत सिंह
उन्होंने कहा कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला, दीवाली मेला, पिंजौर मैंगो मेला और बैसाखी मेले की सफलता के बाद अब होली के अवसर पर भी प्रदेशवासियों और पर्यटकों के लिए एक भव्य श्रृंखला तैयार की गई है, ताकि लोग परिवार और दोस्तों के साथ संगीत, नृत्य और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकें।
हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता ने जानकारी दी कि सूरजकुंड, बड़खल लेक, अरावली गोल्फ कोर्स, दमदमा, पिंजौर, मोरनी, करनाल, रोहतक, रेवाड़ी, बहादुरगढ़, अंबाला, पीपली और भिवानी सहित कुल 22 टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स और रिजॉर्ट्स में रंगोत्सव 2026 के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पर्यटन विभाग का मानना है कि इस पहल से न केवल स्थानीय लोगों को एक नया उत्सव अनुभव मिलेगा, बल्कि राज्य में पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

