जोमैटो पैरेंट कंपनी: एटरनल के तिमाही नतीजों के बाद शेयरों में 20% की तेजी, ब्रोकरेज फर्मों ने दी ‘बाय’ रेटिंग और 400 रुपये तक पहुंचने का अनुमान। जानिए कंपनी के तिमाही वित्तीय परिणाम और निवेशकों के लिए क्या है आगे का रास्ता।
जोमैटो पैरेंट कंपनी: एटरनल के तिमाही नतीजे आने के बाद शेयर बाजार में जोमैटो और ब्लिंकइट की पैरेंट कंपनी एटरनल (Eternal Shares) के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी गई है। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों ने एटरनल के शेयरों की खरीदारी में तेजी दिखाई। मंगलवार को एटरनल के शेयर में 14.8% का उछाल आया और यह ऑल टाइम हाई 311.6 रुपये तक पहुंच गया। दो दिनों में शेयर मूल्य में करीब 20% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे कंपनी का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया।
ब्रोकरेज फर्मों ने दी ‘बाय’ रेटिंग, टारगेट प्राइस बढ़ाया
तिमाही नतीजों और निवेशकों के बढ़ते भरोसे के चलते कई ब्रोकरेज हाउस ने एटरनल पर ‘बाय’ रेटिंग जारी की है। मोतीलाल ओसवाल ने पहले 310 रुपये का टारगेट प्राइस रखा था, जिसे अब 330 रुपये तक बढ़ा दिया गया है। वहीं, ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने अपनी रेटिंग को ‘होल्ड’ से ‘बाय’ में अपडेट करते हुए टारगेट प्राइस को 250 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया है। जेफरीज ने ब्लिंकइट को कंपनी का ग्रोथ इंजन भी बताया है और इस पर विश्वास जताया है।
एटरनल की पहली तिमाही रिपोर्ट की मुख्य बातें
एटरनल का वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में मुनाफा 25 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी अवधि के 253 करोड़ रुपये के मुकाबले 90.11% कम है। हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल की तुलना में 70.3% बढ़कर 7,167 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वर्ष का रेवेन्यू 4,206 करोड़ रुपये था।
वहीं, एटरनल की क्विक कॉमर्स यूनिट ब्लिंकइट ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 154.7% की ग्रोथ दर्ज करते हुए 2,400 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया है।


