यमुना एक्शन प्लान के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर गुरुग्राम में हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव योगेश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान अवैध सीवर वेस्ट डंपिंग, टैंकर माफिया की गतिविधियों और गैरकानूनी रूप से संचालित औद्योगिक इकाइयों पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
सदस्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पर्यावरणीय नियमों और मानकों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि यमुना एक्शन प्लान के तहत सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि नदी की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़े लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।


