उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना झा ने गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बिना सहमति सर्जरी कराने और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना झा ने बिहार के सुपौल स्थित महिला थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए उन पर और उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में रंजना ने दावा किया है कि वर्ष 1996 में उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां कथित तौर पर बिना उनकी जानकारी और सहमति के उनकी बच्चेदानी (यूटेरस) निकाल दी गई।
रंजना झा ने अपनी शिकायत में खुद को चंद्रकांत झा की 61 वर्षीय बेटी बताते हुए कहा कि उनकी शादी उदित नारायण से 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 1985 में उदित नारायण मुंबई चले गए और बाद में उन्हें मीडिया के जरिए पता चला कि उन्होंने दीपा नारायण से दूसरी शादी कर ली है। रंजना का कहना है कि जब भी उन्होंने इस बारे में सवाल किया, उन्हें गुमराह किया गया।
also read :नोरा फतेही ने रचा इतिहास: FIFA वर्ल्ड कप और क्रिकेट वर्ल्ड कप दोनों में परफॉर्म करने वाली इकलौती भारतीय कलाकार बनीं
शिकायत के मुताबिक, 1996 में उदित नारायण, उनके भाई संजय कुमार झा और ललित नारायण झा उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल लेकर गए, जहां कथित तौर पर इलाज के बहाने उनकी सर्जरी कर दी गई। रंजना ने यह भी आरोप लगाया कि उस समय अस्पताल में दीपा नारायण भी मौजूद थीं।
इसके अलावा, रंजना ने उदित नारायण पर वर्षों से उपेक्षा और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 2006 में उन्हें मुंबई स्थित उदित नारायण के घर में घुसने नहीं दिया गया और नेपाल में रिश्तेदारों के यहां भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले फैमिली कोर्ट और महिला आयोग का दरवाजा खटखटा चुकी हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।
मीडिया से बात करते हुए रंजना झा ने कहा, “उदित नारायण जी बार-बार वादे करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करते। मुझे न्याय चाहिए।” महिला थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत की जांच जारी है और तथ्यों के सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले पर उदित नारायण की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


