कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित ‘उदयपुर फाइल्स’ आज 4500 सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। कन्हैयालाल के बेटे यश तेली ने परिवार संग फिल्म देखने की बात कही। जानिए कोर्ट की अनुमति और फिल्म से जुड़ी पूरी जानकारी।
कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित बहुचर्चित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ आज यानी 9 अगस्त 2025 को देशभर के 4500 सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है। यह फिल्म उस दिल दहला देने वाली सच्ची घटना पर आधारित है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। उदयपुर में यह फिल्म सेलिब्रेशन मॉल, अरबन स्क्वायर और लेक सिटी मॉल के एक-एक शो में प्रदर्शित की जा रही है।
परिवार संग फिल्म देखेंगे कन्हैयालाल के बेटे यश तेली
मृतक कन्हैयालाल के बेटे यश तेली ने बताया कि वे अपने पूरे परिवार के साथ फिल्म देखने जा रहे हैं। उनका कहना है कि फिल्म में उनके पिता की तालिबानी तरीके से की गई निर्मम हत्या और उससे जुड़ी हर महत्वपूर्ण घटना को दिखाया गया है। यश ने आम लोगों से भी इस फिल्म को देखने की अपील की है ताकि समाज को सच्चाई का सामना हो सके।
प्रशासन ने की सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था
फिल्म की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं, खासकर उन सिनेमाघरों में जहां फिल्म दिखाई जा रही है।
रोक के बाद मिली रिलीज़ की हरी झंडी
फिल्म की रिलीज पर पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने 10 जुलाई 2025 को अंतरिम रोक लगाई थी। यह रोक एक याचिका के आधार पर लगाई गई थी जिसमें फिल्म को कुछ संगठनों और एक आरोपी मोहम्मद जावेद ने चुनौती दी थी। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां से फिल्म को 25 जुलाई को रिलीज की मंजूरी मिल गई।
बाद में 1 अगस्त को फिर से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जिसके बाद कोर्ट ने केंद्र सरकार को समीक्षा कर निर्णय लेने का निर्देश दिया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म की विशेष समिति से जांच करवाई और 6 अगस्त को रिलीज की अंतिम मंजूरी दे दी।
निर्माता का बयान – किसी समुदाय को निशाना नहीं, सिर्फ सच्चाई लाना उद्देश्य
फिल्म के निर्माता अमित जानी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि इस फिल्म का मकसद किसी समुदाय को बदनाम करना नहीं, बल्कि एक सच्ची घटना को समाज के सामने लाना है। फिल्म के निर्देशक हैं भरत एस. श्रीनाते।
कास्ट और किरदार
विजय राज ने कन्हैयालाल की भूमिका निभाई है।
रजनीश दुग्गल और प्रीति झांगियानी भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे।
एनआईए की कार्रवाई और केस की स्थिति
28 जून 2022 को हुए इस जघन्य हत्याकांड में एनआईए ने गौस मोहम्मद और रियाज अत्तारी समेत 11 लोगों के खिलाफ UAPA और Arms Act के तहत चार्जशीट दाखिल की थी।
फरहाद उर्फ बबला और मोहम्मद जावेद को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।
सलमान और अबू इब्राहिम को एनआईए ने पाकिस्तान निवासी बताते हुए फरार घोषित किया है।


