सीएम नायब सिंह सैनी ने उचाना में 103.30 करोड़ की 5 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया, जिससे पेयजल, सिंचाई, खेल और स्वच्छता सुविधाएं मजबूत होंगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उचाना में आयोजित धन्यवाद रैली के दौरान क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 103 करोड़ 30 लाख 84 हजार रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, खेल और स्वच्छता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना और आमजन के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
मुख्यमंत्री ने 28 करोड़ 54 लाख 7 हजार रुपये की लागत से तीन विकास कार्यों का उद्घाटन किया, जबकि 74 करोड़ 76 लाख 77 हजार रुपये की लागत वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। सरकार का कहना है कि इन कार्यों के पूरा होने से उचाना विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नरवाना जल सेवा मंडल के अंतर्गत 22 करोड़ 31 लाख 74 हजार रुपये की लागत से सुदकैन डिस्ट्रीब्यूटरी (आरडी 56000 से 118000) के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना में सिरसा ब्रांच के आरडी 189990/एल से ऑफ-टेक सहित संबंधित ढांचागत संरचनाओं का पुनर्निर्माण शामिल है, जिससे किसानों को बेहतर और भरोसेमंद सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।
also read :हरियाणा टीबी उन्मूलन की ओर तेज़ी से आगे: 98% लक्ष्य नोटिफाई, 90% इलाज सफलता; एसीएस डॉ. सुमिता मिश्रा
युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक उचाना के गांव डूमरखां कलां में बने मल्टीपर्पज हॉल का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही 2 करोड़ 70 लाख 33 हजार रुपये की लागत से गांव सुदकैन कलां में जलापूर्ति योजना के नवीनीकरण, सुदृढ़ीकरण और शेष पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की दो बड़ी योजनाओं की भी आधारशिला रखी। इनमें 43 करोड़ 81 लाख 29 हजार रुपये की लागत से महाग्राम योजना के तहत गांव नगूरा में जलापूर्ति को मजबूत करने और नए वाटर वर्क्स के निर्माण की परियोजना शामिल है। इसके अलावा 30 करोड़ 95 लाख 48 हजार रुपये की लागत से गांव छातर में सीवरेज योजना लागू करने की आधारशिला भी रखी गई, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करना है और बुनियादी ढांचे को मजबूत कर आम नागरिकों की जीवन-शैली को बेहतर बनाना है। उचाना में शुरू की गई ये परियोजनाएं इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।


