सीएम नायब सिंह सैनी ने उचाना में नई अतिरिक्त अनाज मंडी, मार्केट कमेटी भवन, सड़क, स्वास्थ्य, सिंचाई और सीवरेज समेत दर्जनों विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की लंबी श्रृंखला का ऐलान करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और नागरिक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। उचाना में आयोजित धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा यहां नई अतिरिक्त अनाज मंडी और मार्केट कमेटी भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने उचाना विधानसभा के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा उचाना शहर की ब्राह्मण धर्मशाला, पिछड़ा समाज धर्मशाला और अग्रवाल समाज धर्मशाला के लिए अपने स्वेच्छिक कोटे से 11-11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई।
सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि गांव थुआ के मोगा नंबर 3600 एल बधाना माइनर के खाल को 75 लाख रुपये की लागत से पक्का किया जाएगा। साथ ही उचाना क्षेत्र के विभिन्न वाटर कोर्स की रिमॉडलिंग और रिहैबिलिटेशन तथा छह जल मार्गों के सुधार पर 3 करोड़ 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा गांव बरसोला सब माइनर (आरडी 19000 से 36500) के पुनर्वास की भी घोषणा की गई।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने घोघड़ियां और उचाना खुर्द में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन बनाने और करसिंधु पीएचसी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की घोषणा की। इन कार्यों पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं के लिए पंचायत भवनों में ई-लाइब्रेरी और जिम हॉल खोले जाएंगे। वहीं कहसुन-बड़ौदा से बाबा नागदेव मंदिर तक की सड़क को 18 फुट चौड़ा किया जाएगा। सफा खेड़ी, तारखा, सुदकैन खुर्द और थुआ में नए आंगनवाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे।
पेयजल और सीवरेज के मोर्चे पर, गांव कहसुन में जलघर का नवीनीकरण, बूस्टिंग स्टेशन, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और गलियों में नई पाइपलाइन बिछाने पर 3 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उचाना शहर में पुरानी और अधूरी सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 9 करोड़ रुपये की योजना घोषित की गई। गांव पेगा में जल निकासी योजना के विस्तार और डीआई पाइपलाइन बिछाने पर 9.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं गांव करसिंधु को महाग्राम योजना में शामिल कर सीवरेज सिस्टम और एसटीपी लगाने पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
also read :Post Matric Scholarship 2025-26: SC, OBC और विमुक्त जनजाति छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 28 फरवरी
शिक्षा अवसंरचना के तहत घासो, कहसुन, बिघाना, अलेवा (कन्या स्कूल) और खांडा के सरकारी स्कूलों में कुल 15 अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण की घोषणा की गई। इसके साथ ही बरसोला माइनर और ढाकल हेड के लिए एक समिति बनाकर कार्य पूरा कराने की बात कही गई।
सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि टीएससी और पुरानी अनाज मंडी की स्पेशल रिपेयर होगी। कृषि विपणन बोर्ड द्वारा उचाना क्षेत्र के गांवों में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी सड़कों को चौड़ा और दुरुस्त किया जाएगा तथा 25 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग के तहत 18 सड़कों (68 किमी) की 32.75 करोड़ रुपये से विशेष मरम्मत और नवीनीकरण होगा, जबकि 54 किमी की 10 सड़कों की 26 करोड़ रुपये से स्पेशल रिपेयर की जाएगी। इसके अलावा खेत-खलिहानों तक पहुंच के लिए 25 किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उचाना को बुनियादी सुविधाओं से लैस कर तेज़ी से विकसित करना है, ताकि किसानों, युवाओं और आम नागरिकों को सीधे तौर पर इन योजनाओं का लाभ मिल सके।


