उन्मुक्त चंद की अनकही कहानी डॉक्यूमेंट्री ‘अनब्रोकन’ का टीजर रिलीज हुआ है। जानिए कैसे ‘भविष्य के विराट कोहली’ के टैग से मशहूर उन्मुक्त ने क्रिकेट में संघर्ष किया और अमेरिका में नई शुरुआत की।
डॉक्यूमेंट्री ‘अनब्रोकन’ का टीजर रिलीज: इंडियन क्रिकेट के एक समय के उभरते सितारे उन्मुक्त चंद की कहानी अब पर्दे पर सामने आने वाली है। उनकी जिंदगी की संघर्षमय और प्रेरणादायक यात्रा को दर्शाने वाली डॉक्यूमेंट्री ‘अनब्रोकन: द उन्मुक्त चंद स्टोरी’ का हाल ही में टीजर रिलीज कर दिया गया है। इस डॉक्यूमेंट्री में उन्मुक्त के क्रिकेट के सफर से लेकर अमेरिका तक की यात्रा और उनके जीवन के अनदेखे पहलू दर्शाए जाएंगे।
टीजर में उन्मुक्त चंद खुद अपनी भावनाएं और अनुभव साझा करते नजर आ रहे हैं, जहां वे बताते हैं कि कैसे ‘भविष्य के विराट कोहली’ जैसे बड़े टैग के साथ उम्मीदों का बोझ उनके ऊपर पड़ता रहा। यह डॉक्यूमेंट्री उनके संघर्षों, हार-जीत और नए मुकाम की कहानी बयां करती है।
2012 में, जब भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था, तब उन्मुक्त चंद उस टीम के कप्तान थे। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी और कप्तानी ने उन्हें क्रिकेट जगत का नया सितारा बना दिया था। उनकी प्रतिभा और खेल शैली के कारण उन्हें ‘भविष्य का विराट कोहली’ कहा जाने लगा था। लेकिन बाद में क्रिकेट के बड़े मंच से उनका नाम गायब हो गया, जिससे उनके चाहने वालों के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर उन्मुक्त चंद कहां चले गए?
28 वर्ष की उम्र में भारतीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले उन्मुक्त की जिंदगी के कई सवालों के जवाब इस डॉक्यूमेंट्री में मिलेंगे। यह न केवल उनके क्रिकेट करियर के उतार-चढ़ाव को दिखाएगी, बल्कि अमेरिका में उनके क्रिकेट खेलने की नई शुरुआत को भी उजागर करेगी।
डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन राघव खन्ना ने किया है, जो पहले नेटफ्लिक्स की मशहूर डॉक्यूमेंट्री ‘मॉडर्न मास्टर्स: एसएस राजामौली’ के भी निर्देशक रह चुके हैं। इसे रिवरलैंड एंटरटेनमेंट और तुडिप एंटरटेनमेंट ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। ‘अनब्रोकन’ सितंबर 2025 में रिलीज़ होगी, हालांकि इसकी आधिकारिक रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है।


