Tamil Actor Arya House Restaurant Raid: आयकर विभाग ने तमिल एक्टर आर्य के लोकप्रिय रेस्टोरेंट चेन ‘सी शेल’ पर छापेमारी की। टैक्स चोरी के आरोपों में आर्य के रेस्टोरेंट और घरों की तलाशी जारी है।
Tamil Actor Arya House Restaurant Raid: तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता आर्य के लोकप्रिय रेस्टोरेंट चेन ‘सी शेल’ पर आज Income Tax विभाग ने छापेमारी की है। आयकर विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य टैक्स चोरी की शिकायतों की जांच करना बताया जा रहा है। आर्य, जो अरिंथुम अरियामलम, बॉस, अंगिरा भास्करन और राजा रानी जैसी फिल्मों से काफी फेमस हैं, फिलहाल अपने फूड चेन को लेकर आयकर जांच के घेरे में आ गए हैं।
आईटी विभाग ने की कई ब्रांचों पर रेड
आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह चेन्नई के अन्ना नगर, वेलाचेरी और दुरईपक्कम में अभिनेता आर्य के ‘सी शेल’ रेस्टोरेंट की कई शाखाओं पर छापेमारी की। इस फूड चेन को खासतौर पर अरबी डिशेज के लिए जाना जाता है और शहर के कई इलाकों में इसकी ब्रांच हैं।
सूत्रों की मानें तो इस छापेमारी की शुरुआत दुबई में मुख्यालय वाली एक कंपनी के खिलाफ केरल के कोच्चि में आयकर नियमों के उल्लंघन की शिकायत के बाद हुई। इस कंपनी के तमिलनाडु और केरल में इस रेस्टोरेंट चेन में किए गए निवेश पर भी आयकर विभाग की नजर है।
क्या हैं आरोप?
आयकर विभाग का आरोप है कि दुबई स्थित कंपनी ने रेस्टोरेंट में किए गए निवेश के दौरान टैक्स चोरी के नियमों का उल्लंघन किया है। इसी संदर्भ में चेन्नई में ‘सी शेल’ की कई शाखाओं पर तलाशी और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
घरों पर भी हो रही तलाशी
आईटी विभाग की टीम ने जांच को तेज करने के लिए आठ टीमों का गठन किया है, जो एक साथ अलग-अलग लोकेशंस पर छापेमारी कर रही हैं। खबर है कि विभाग रेस्टोरेंट मालिकों के घरों पर भी तलाशी ले रहा है ताकि सभी जरूरी सबूत जुटाए जा सकें।
विभाग ने नहीं दिया कोई आधिकारिक बयान
आयकर विभाग ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि छापेमारी में क्या तथ्य सामने आए और टैक्स चोरी के आरोप कितने सही हैं।
For more news: Entertainment


