राज्य सरकार ने सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक अहम फैसला लिया है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से सभी नाइटक्लब, बार, पब और डांस फ्लोर वाले मनोरंजन स्थलों में व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराने के आदेश जारी किए हैं।
वित्त आयुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, डॉ. सुमित मिश्रा ने बताया कि यह कदम आग से संबंधित दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन स्थलों में भीड़भाड़ को देखते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है।
सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा में सभी स्थलों का निरीक्षण करेंगे और जहां भी कमियां पाएंगी, उन्हें तुरंत सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही, सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
इस कदम से राज्य में सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है तथा आगजनी की घटनाओं में कमी आएगी।


