अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के दौरान ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में लगी राज्य स्तरीय प्रदर्शनी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। सरस और शिल्प मेले के बीच यह अनोखी प्रदर्शनी सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा 24 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 तक आयोजित की गई।
प्रदर्शनी में गीता के शाश्वत उपदेशों, जीवन मूल्यों और कर्मयोग के सिद्धांतों को आधुनिक माध्यमों के जरिए दर्शाया गया, जिससे हर आयु वर्ग के आगंतुकों ने गहरी रुचि दिखाई। यहां प्रस्तुत की गई दृश्य सामग्री, डिजिटल डिस्प्ले, पैनल तथा कलात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को गीता के संदेशों से जोड़ने का कार्य किया।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में आए देश-विदेश के श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों और पर्यटकों ने भी प्रदर्शनी की खूब सराहना की। विभाग का उद्देश्य गीता के सार्वभौमिक ज्ञान को आधुनिक संदर्भों में प्रस्तुत करते हुए लोगों को प्रेरित करना था।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में यह प्रदर्शनी महोत्सव की प्रमुख आकर्षणों में से एक रही और बड़ी संख्या में लोगों ने इसका अवलोकन किया।


