शाहदरा स्थित डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान में आरएसएस के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष में राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संकल्प दोहराया गया।
दिल्ली के शाहदरा स्थित डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक और राष्ट्र पुनरुत्थान के शिल्पी परम पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। यह कार्यक्रम ऐसे समय में आयोजित हुआ है, जब संघ अपनी स्थापना के शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुका है, जिससे इस अवसर का महत्व और भी बढ़ गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सन् 1925 की विजयादशमी के पावन दिन पूजनीय डॉ. हेडगेवार द्वारा बोया गया विचारों का बीज आज एक विराट वटवृक्ष का रूप ले चुका है, जो निरंतर माँ भारती की सेवा में समर्पित है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज संगठन का जो मार्ग डॉ. साहब ने दिखाया, वही आज भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का एक मजबूत आधार स्तंभ बन गया है।
प्रतिमा अनावरण के मौके पर यह संकल्प दोहराया गया कि संघ के शताब्दी संकल्प के साथ भारत अपने प्राचीन गौरव को पुनः प्राप्त करे और परम वैभव के शिखर पर प्रतिष्ठित हो। वक्ताओं ने कहा कि आरोग्य संस्थान में स्थापित यह प्रतिमा सभी को “सेवा ही साधना” और “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करने की निरंतर प्रेरणा देती रहेगी।
also read :दिल्ली खेल महाकुंभ का भव्य आगाज़: 17 स्टेडियमों में 7 खेल, 20 हजार से ज्यादा खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
कार्यक्रम में कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, अभय वर्मा, संजय गोयल, अनिल गोयल सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. हेडगेवार के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सेवा भाव का प्रेरक उदाहरण है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि संघ के शताब्दी वर्ष में यह प्रतिमा न सिर्फ इतिहास की स्मृति है, बल्कि भविष्य के भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी।


