चंडीगढ़। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सदन में जानकारी देते हुए कहा कि रोहतक शहर में पर्याप्त और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार नागरिकों को सुरक्षित एवं पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जलाशय निर्माण के लिए नगर निगम की 16 एकड़ भूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके साथ ही सोनीपत रोड स्थित पंप की दुरुस्तीकरण (मरम्मत) का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे जल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से रोहतक शहर में जल आपूर्ति में सुधार आएगा और आमजन को नियमित व पर्याप्त पेयजल मिलेगा। सरकार का उद्देश्य है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जल संकट की समस्या का दीर्घकालिक समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य को क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है, क्योंकि इससे आने वाले समय में रोहतक में पेयजल व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।


