टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का स्टेज-4 लिवर कैंसर से निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज Rinku Singh के परिवार से दुखद समाचार सामने आया है। उनके पिता खानचंद सिंह का स्टेज-4 लिवर कैंसर से निधन हो गया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि खानचंद सिंह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। हाल के दिनों में उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई थी और उन्हें मैकेनिकल वेंटिलेटर पर रखा गया था। साथ ही उन्हें निरंतर रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
रिंकू सिंह 23 फरवरी को टीम इंडिया के साथ चेन्नई पहुंचे थे, जहां उन्हें पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। इसके बाद वह तुरंत घर रवाना हुए और पिता से मुलाकात की। बाद में उन्होंने टीम से दोबारा जुड़ने का फैसला लिया और जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम कैंप में लौट आए। हालांकि वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और एक्स्ट्रा फील्डर के रूप में मैदान पर नजर आए।
also read : हरियाणा में नियमों के तहत ही मिलती है बूचड़खानों को अनुमति, लाइसेंस प्रक्रिया पारदर्शी: राव नरबीर सिंह
अब पिता के निधन के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि रिंकू सिंह टूर्नामेंट के बीच में ही घर लौट सकते हैं। फिलहाल टीम प्रबंधन की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का बड़ा योगदान रहा है। खानचंद सिंह अलीगढ़ में एक गैस एजेंसी में सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में पूरा सहयोग दिया। उल्लेखनीय है कि बेटे की सफलता के बाद भी उन्होंने अपना काम नहीं छोड़ा था।
इस दुखद घड़ी में क्रिकेट जगत और प्रशंसक रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

