पंजाब पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत 72 घंटे में 3,260 अपराधियों को गिरफ्तार किया और 8,000 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने तक अभियान जारी रहेगा।
पंजाब में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत 72 घंटे में हजारों संदिग्धों पर शिकंजा कसा है। इस अभियान के दौरान 3,260 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुल 7,498 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने राज्यभर में 8,278 ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में हथियार और नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर चल रही “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब को पूरी तरह गैंगस्टर मुक्त नहीं बना दिया जाता। उन्होंने बताया कि इस 72 घंटे के विशेष अभियान के नतीजे उम्मीद से भी बेहतर रहे हैं और इससे संगठित अपराध के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
इस ऑपरेशन की कमान संभालने के लिए पंजाब पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी खुद अलग-अलग जिलों में पहुंचे। करीब 12,000 पुलिसकर्मियों की 2,000 से ज्यादा टीमों ने तीन दिन तक लगातार दबिशें दीं। स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों में 135 भगोड़े अपराधी (PO) भी शामिल हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 47 हथियार, 4.8 किलो हेरोइन, 3.6 किलो अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलो भुक्की और करीब 30 लाख रुपये की ड्रग मनी जब्त की है। इसके अलावा, 1,450 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया, जबकि 2,788 लोगों को जांच के बाद रिहा कर दिया गया।
also read :पंजाब में 100 करोड़ से ज्यादा के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा: स्वान नदी और सतलुज पर चार नए पुल बनेंगे, 100 से अधिक गांवों को मिलेगा फायदा
पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है और बताया कि लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से गैंगस्टरों या आपराधिक गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं।
इसी कड़ी में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ को भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। इस अभियान के 347वें दिन पुलिस ने 164 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 11.9 किलो हेरोइन, 344 नशीली गोलियां/कैप्सूल और नकदी बरामद की। अब तक इस मुहिम के तहत 49,129 नशा तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही, पुलिस ने 14 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास के लिए भी राजी किया है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि इस तरह के सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि राज्य में अपराध और नशे की जड़ों को पूरी तरह खत्म किया जा सके।


