Puja Banerjee Kidnapping Case: टीवी स्टार्स पूजा बनर्जी और कुणाल वर्मा पर किडनैपिंग और 23 लाख की वसूली का आरोप, गोवा पुलिस ने दर्ज की FIR, गिरफ्तारी की आशंका।
Puja Banerjee Kidnapping Case: टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कपल पूजा बनर्जी और उनके पति कुणाल वर्मा एक बड़े कानूनी विवाद में घिर गए हैं। उन पर बंगाली फिल्म निर्माता श्याम सुंदर डे का गोवा में अपहरण करने, शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और 23 लाख रुपये की जबरन वसूली करने का आरोप है। इस मामले में श्याम की पत्नी मालविका डे ने पूजा और कुणाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिसके बाद दोनों की गिरफ्तारी की आशंका जताई जा रही है।
कब और कहां हुई घटना?
गोवा पुलिस के अनुसार, यह घटना 31 मई से 4 जून 2025 के बीच की है जब श्याम सुंदर डे और उनकी पत्नी गोवा में थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पूजा और कुणाल ने श्याम को उस समय जबरन रोक लिया जब वे किराए की कार से ट्रैवल कर रहे थे। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर एक विला में ले जाकर बंधक बना लिया गया, मारपीट की गई और धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें ड्रग्स मामले में फंसा दिया जाएगा। आरोप है कि श्याम को अलग-अलग जगहों पर रखा गया और इस दौरान उनसे 23 लाख रुपये ऐंठे गए।
View this post on Instagram
पूछताछ की तारीख तय
गोवा पुलिस को यह मामला पश्चिम बंगाल के बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय से मिले जीरो एफआईआर के जरिए ट्रांसफर हुआ, जिसके बाद इसे गोवा के कलंगुट पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। अब पुलिस ने मामले में शामिल सभी पक्षों को पूछताछ के लिए 2 जुलाई 2025 को थाने में पेश होने का आदेश दिया है। इस पूछताछ के बाद ही मामले की आगे की दिशा तय होगी।
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
इस केस में पूजा बनर्जी और कुणाल वर्मा पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें शामिल हैं: धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना), धारा 137(2) (अपहरण), धारा 140(2) (फिरौती के लिए अपहरण), धारा 308(5) (जबरन वसूली), धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), और धारा 351(3) (आपराधिक धमकी)।
पूजा बनर्जी का रिएक्शन
पूरे विवाद के बीच, पूजा बनर्जी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा, “मैं अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हूं। जो लोग हमारे साथ खड़े हैं – हम उनके हमेशा आभारी रहेंगे। और जो लोग हमारे खिलाफ फैलाए जा रहे झूठ पर विश्वास कर रहे हैं – भगवान उनका भी भला करे। मैं भगवान में विश्वास रखती हूं, और भगवान सब देख रहा है।”
पूजा और कुणाल दोनों ने कुछ दिन पहले ही एक इंटरव्यू में कहा था कि वे खुद फाइनेंशियल फ्रॉड का शिकार हुए हैं, लेकिन अब जिस तरह से यह मामला सामने आया है, उससे मामला उल्टा पड़ता दिख रहा है। अब सबकी निगाहें गोवा पुलिस की जांच पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि इस हाई-प्रोफाइल केस का अगला मोड़ क्या होगा।
For more news: Entertainment


