किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के अंतर्गत रबी 2025-26 सीजन के लिए फसलों का बीमा कराने की प्रक्रिया 01 दिसंबर से शुरू हो चुकी है। किसानों के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर, 2025 निर्धारित की गई है।
रबी 2025-26 के दौरान गेहूं, सरसों, जौ, चना और सूरजमुखी को बीमित फसलों की श्रेणी में शामिल किया गया है। योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, सूखा, कीट एवं रोग प्रकोप जैसी परिस्थितियों में फसल नुकसान होने पर किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
किसान भाई अपनी फसलों का बीमा नजदीकी बैंक, सहकारी समिति, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) या ऑनलाइन माध्यम से करा सकते हैं। योजना के अंतर्गत कम प्रीमियम दर पर अधिकतम सुरक्षा कवर प्रदान किया जाता है, जिससे किसान जोखिम मुक्त होकर खेती कर सकें।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि किसी भी अप्रत्याशित नुकसान की स्थिति में उन्हें योजना का पूरा लाभ मिल सके।


