राज्य सरकार जनहित से जुड़े बुनियादी ढांचे के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में पेहोवा विधानसभा क्षेत्र के गांव उरानाई और राष्ट्रीय राजमार्ग-152 को जोड़ने वाली सड़क के जंक्शन पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जो वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के पास विचाराधीन है।
लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण से स्थानीय लोगों को यातायात में सुविधा मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह अंडरपास क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग है, जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने आवश्यक कदम उठाए हैं।
मंत्री ने बताया कि अंडरपास बनने से गांव उरानाई सहित आसपास के क्षेत्रों का राष्ट्रीय राजमार्ग से सुरक्षित और सुगम संपर्क सुनिश्चित होगा। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
राज्य सरकार ने आश्वस्त किया है कि एनएचएआई से स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।


