चंडीगढ़। पानीपत के नागरिक अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन शिशु एवं मातृत्व अस्पताल का कार्य 31 दिसंबर 2025 तक पूर्ण होने की संभावना है। इसके पश्चात अस्पताल को औपचारिक रूप से आम जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
यह जानकारी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती सिंह राव ने सदन में दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल के निर्माण से क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को उन्नत चिकित्सकीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों को बेहतर, सुरक्षित और समयबद्ध उपचार मिल सकेगा। इससे पानीपत और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने की आवश्यकता भी कम होगी।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करना और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराना है। पानीपत में शिशु एवं मातृत्व अस्पताल का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


