संगरूर से आम आदमी पार्टी की विधायक नरिंदर कौर भराज ने आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें भाजपा की टिकट और मनचाही शर्तें पूरी करने का ऑफर दिया। AAP नेता बलतेज पन्नू ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
पंजाब की राजनीति में उस वक्त बड़ा हंगामा खड़ा हो गया जब संगरूर से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक नरिंदर कौर भराज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए। भराज ने दावा किया कि भाजपा ने ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए बड़ा राजनीतिक ऑफर दिया और बदले में टिकट व अन्य सुविधाओं का लालच दिया गया।
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू के साथ मौजूद भराज ने कहा कि भाजपा देशभर में चुनी हुई सरकारों को गिराने की कोशिश कर रही है और पंजाब में भी वही रणनीति अपनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनसे संपर्क साधने की कोशिश की और संगरूर से भाजपा की टिकट देने की बात कही।
नरिंदर कौर भराज ने कहा कि उन्हें यह भी कहा गया कि उनकी जो भी शर्त होगी, उसे पूरा किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह किसी भी तरह की राजनीतिक सौदेबाजी का हिस्सा नहीं बनेंगी। उन्होंने खुद को एक किसान परिवार की बेटी बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने ही उन्हें कम उम्र में राजनीति में आगे बढ़ने का मौका दिया और वह अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान की नीतियों से प्रेरित होकर राजनीति में आई हैं।
भराज ने हरियाणा के मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पंजाब की राजनीति में दखल देने के बजाय अपने राज्य की जिम्मेदारी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक और कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं और किसी भी दबाव या लालच में आने वाले नहीं हैं।
इस मौके पर AAP के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब भाजपा ने ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए दूसरी पार्टियों के विधायकों को तोड़ने की कोशिश की हो। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में यह रणनीति पहले भी नाकाम रही है और आगे भी असफल ही रहेगी।
बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है और जनता को मुफ्त बिजली, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि भाजपा का तथाकथित ‘हरियाणा मॉडल’ खुद सवालों के घेरे में है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब के विधायक बिकाऊ नहीं हैं और लोकतांत्रिक जनादेश के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
AAP नेताओं ने दोहराया कि पार्टी 2027 के चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और इस तरह के राजनीतिक हथकंडे पार्टी की एकता और जनता के भरोसे को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने साफ किया कि आम आदमी पार्टी की राजनीति सत्ता के सौदे नहीं, बल्कि सिस्टम बदलने और जनता को बेहतर सेवाएं देने के लिए है।


