हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पंजाब में सरकार बनाएगी और राज्य को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा पंजाब सरकार ने झूठे वादों के सहारे सत्ता हासिल की, लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बावजूद जनता के हित में ठोस कार्य करने के बजाय पंजाब का शोषण किया जा रहा है।
रविवार को हरियाणा–पंजाब सीमा के समीप जिला पटियाला के घनौर की अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब आज नशाखोरी, बेरोजगारी और वायदा खिलाफी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने नशामुक्ति का वादा किया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि नशे की समस्या और गहरी हो गई है। युवाओं को रोजगार देने के वादे किए गए, लेकिन चार साल बाद भी युवाओं को निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये देने और बुजुर्गों को 2500 रुपये पेंशन देने के वादे भी आज तक पूरे नहीं हुए। बुजुर्गों को मिलने वाली पेंशन न केवल कम है, बल्कि वह भी महीनों की देरी से मिलती है।
हरियाणा का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा सरकार बनते ही पूरा किया गया। इसके साथ ही लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। बुजुर्गों को हरियाणा में 3200 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है, जो देश में सबसे अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं से किया गया वादा भी निभाया है। सरकार बनते ही 25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों की आय को सुरक्षा मिली है।
सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन किया गया। उनके 350वें शहीदी वर्ष के अवसर पर पूरे प्रदेश में एक माह तक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों और कॉलेजों में सेमिनार, निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और 350 रक्तदान शिविर लगाकर युवाओं को उनके बलिदान से जोड़ा गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी और उसके नेतृत्व पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में शाम पांच बजे के बाद सरकार के दरवाजे बंद हो जाते हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी केवल वादे करती है, लेकिन उन्हें निभाने की नीयत और क्षमता नहीं रखती। इसका खामियाजा आज पंजाब की जनता भुगत रही है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह हरियाणा में भाजपा ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की मिसाल पेश की है, उसी तर्ज पर पंजाब में भी भाजपा सरकार बनते ही व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में भाजपा को अवसर देगी।


