सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि मोदी सरकार के 11 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले को उन्होंने कला का अनूठा संगम बताया, जिसे अब तक 10 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने दावा किया कि बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जिससे आम जनता में भरोसा और उम्मीद दोनों मजबूत हुई हैं।
मुख्यमंत्री सूरजकुंड मेले के दौरान राजहंस पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान विश्व स्तर पर बदली है और पूरी दुनिया भारत को आशा भरी नजरों से देख रही है। उनके अनुसार, सरकार की नीतियों का असर सीधे तौर पर आम नागरिक के जीवन में दिखाई दे रहा है।
also read :हरियाणा में उद्योग-श्रमिक समन्वय की नई शुरुआत, सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में पहली इंडस्ट्री-लेबर काउंसिल बैठक
राजनीतिक माहौल पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और हताशा में की जा रही बयानबाजी इसी का प्रमाण है। उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता का भरोसा विपक्ष से उठ चुका है और आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।
सूरजकुंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय आत्मनिर्भर हस्तशिल्प मेले पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मेले को अब तक 10 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देश-विदेश के प्रसिद्ध कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे न केवल हस्तशिल्प को देखने बल्कि उसे समझने का भी अवसर मिलता है।
सीएम सैनी ने कहा कि यह मेला कला का एक अनूठा संगम है, जहां विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं की झलक एक ही मंच पर देखने को मिलती है। हर साल हरियाणा में आयोजित होने वाला यह मेला अंतरराष्ट्रीय कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करता है और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करता है।


