पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने स्वदेशी महोत्सव 2025 के दौरान अपने संबोधन में कहा कि आज प्रदेश में 65,000 से अधिक स्वयं सहायता समूह आत्मनिर्भर भारत के मजबूत आधार बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये समूह न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बने हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से ‘हरियाणा राज्य स्टार्टअप नीति-2022’ लागू की गई है, जिसके माध्यम से नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वदेशी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें, स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और स्थानीय कारीगरों, शिल्पियों तथा उद्यमियों का उत्साह बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को अपनाना ही वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी महोत्सव जैसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उद्योगों और स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने लोगों से मेले का भरपूर आनंद उठाने और स्वदेशी संस्कृति को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


