हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दीं और उनके प्रशासनिक व संगठनात्मक अनुभव की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है और नितिन नवीन के नेतृत्व में यह संगठनात्मक यात्रा और अधिक तेज होगी।
सीएम नायब सैनी ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और समर्पण के बल पर शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने इसे भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व कुछ चुनिंदा परिवारों तक सीमित है, जबकि भाजपा में योग्यता और मेहनत को प्राथमिकता दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक रूप से मजबूत पार्टी है, जहां कार्यकर्ता की भूमिका और योगदान को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करता है और यही भावना भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है। नायब सैनी ने यह भी कहा कि भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होता है, जो पार्टी की आंतरिक मजबूती को दर्शाता है।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कई केंद्रीय और राज्य स्तर के नेता मौजूद रहे। इनमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली प्रमुख रहे। हरियाणा के ऊर्जा और परिवहन मंत्री अनिल विज ने भी नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि युवा नेतृत्व पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।
नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खुशी में हरियाणा भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। कई जिलों में पार्टी कार्यालयों और बूथों पर मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों के साथ उत्सव का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने लाइव स्क्रीन के माध्यम से पदभार ग्रहण कार्यक्रम को देखा और इस ऐतिहासिक क्षण को साझा किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पार्टी युवा कार्यकर्ताओं को जोड़कर और अधिक मजबूत होगी तथा राष्ट्रहित में अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को तेज गति से आगे बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा और देश के विकास में अपनी भूमिका को और सशक्त बनाएगा।


