मोगा में ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ रैली के दौरान सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने ड्रग माफिया पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया। सरकार हर गांव में खेल मैदान और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है।
पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशे विरुद्ध 2.0’ के तहत मोगा में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ड्रग माफिया और विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। इस दौरान सीएम मान ने साफ शब्दों में कहा कि वह नशे के कारोबार से जुड़े लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों की “जड़ों में बैठेंगे” और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
कार्यक्रम में सीएम भगवंत मान तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद पहुंचे। मंच से उन्होंने विपक्षी पार्टियों—बीजेपी, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल—पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पंजाब को नशे की आग में झोंका, उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने बिना नाम लिए अकाली दल के एक बड़े नेता पर भी हमला करते हुए कहा कि कचहरी से जमानत मिल सकती है, लेकिन ऊपर वाले से नहीं।
सीएम मान ने कहा कि एक समय पंजाब के खिलाड़ी देश-दुनिया में मशहूर थे, लेकिन पिछली सरकारों ने प्रदेश को नशे के दलदल में धकेल दिया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि मौजूदा सरकार नशे को जड़ से खत्म करने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है।
लोगों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मौजूद लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने लोगों से संकल्प दिलवाया कि वे न तो खुद नशा करेंगे और न ही नशे की तस्करी या सेवन को बढ़ावा देंगे, बल्कि अपने गांव, वार्ड और समाज से इस बुराई को खत्म करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
हर गांव में खेल मैदान और युवाओं को रोजगार: केजरीवाल
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार का फोकस युवाओं को नशे से निकालकर खेल और रोजगार से जोड़ने पर है। उन्होंने ऐलान किया कि हर गांव में खेल के मैदान बनाए जाएंगे और जरूरी खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। केजरीवाल ने दावा किया कि भगवंत मान सरकार अब तक 60 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां दे चुकी है।
उन्होंने कहा कि पहले लोग नशा तस्करों के खिलाफ जानकारी देने से डरते थे, लेकिन अब पुलिस की सख्त कार्रवाई और बड़े तस्करों पर बुलडोजर चलने के बाद जनता का भरोसा बढ़ा है। केजरीवाल ने बताया कि अब हर वार्ड और गांव में कमेटियां बनाई जा रही हैं, जिनमें स्थानीय लोगों को शामिल किया जा रहा है। इन कमेटियों के जरिए नशा बेचने वालों की जानकारी एक खास ऐप के माध्यम से दी जा सकेगी, ताकि सूचना देने वालों की पहचान सुरक्षित रहे।
ड्रग माफिया पर सख्ती का भरोसा
नेताओं ने दोहराया कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और जो भी इस धंधे में शामिल पाया जाएगा, उस पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार का दावा है कि इस अभियान से पंजाब को फिर से खेल और मेहनत की धरती के रूप में स्थापित किया जाएगा।


