मोगा में नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने 11 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हेरोइन, नशीली गोलियां और अवैध शराब बरामद हुई है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, प्रतिबंधित नशीली गोलियां और अवैध शराब बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से की गई है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों की टीमों ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुछ आरोपियों के पास से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में हेरोइन, जबकि अन्य मामलों में प्रतिबंधित दवाइयों की गोलियां और बिना लाइसेंस रखी शराब बरामद हुई। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं।
थाना धर्मकोट के सहायक थानेदार जगदेव सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जगजीत सिंह उर्फ रवि और विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की को 8 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं हलवदार कुलजीत सिंह और अमृतपाल सिंह उर्फ पंडित को 7 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया गया।
पुलिस चौकी दौलेवाला के इंचार्ज सहायक थानेदार जगमोहन सिंह ने जसवीर कौर से 5 ग्राम हेरोइन बरामद की, जबकि थाना समालसर की सहायक थानेदार सतनाम कौर ने आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश को 6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
इसके अलावा, पुलिस बलखंडी के इंचार्ज सहायक थानेदार बूटा सिंह ने जस्सी सिंह और हदीप सिंह उर्फ मड्डा को 40 नशीली गोलियों के साथ काबू किया। थाना बाघापुराना के अंतर्गत पुलिस चौकी नत्थुवाला गर्बी के इंचार्ज सहायक थानेदार सुरजीत सिंह ने बलराज सिंह और सतनाम सिंह से 29 नशीली गोलियां बरामद कीं। वहीं थाना फतेहगढ़ पंजतूर की सहायक थानेदार सुरेंद्र कौर ने कुलवंत सिंह और रंजीत सिंह उर्फ जतिन को अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी और सख्ती से जारी रहेगा।


